//रमेश अग्रवाल//
नेटवर्क पन्ना। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में सर्वशिक्षा एवं जिला शिक्षा विभाग के कार्यो की समीक्षा की गयी। समीक्षा के दौरान निर्माण कार्यो में लापरवाही बरतने वाले उपयंत्रियों तथा डिजीटल शिक्षा में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधितों के विरूद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्माण कार्यो की समीक्षा के दौरान पाया गया कि सर्वशिक्षा अभियान के 131 निर्माण कार्य स्वीकृत हैं। जिसमें 2 से 3 कार्यो में छोडकर शेष कार्य प्रगति पर हैं। कलेक्टर द्वारा प्रत्येक कार्य के निर्माण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्य की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर असंतोष जाहिर करते हुए उपयंत्रियों से स्पष्टीकरण लिए जाने के निर्देश दिए गए। वहीं सभी उपयंत्रियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तेजी से पूर्ण कराए जाएं। शिक्षा विभाग के भवन निर्माण संबंधी कार्य पीआईयू द्वारा कराए जा रहे हैं। इनके द्वारा कराए जा रहे कार्यो में प्रगति ठीक न पाए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए पीआईयू के उपयंत्रियों को स्पष्टीकरण दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्वशिक्षा एवं पीआईयू के सभी निर्माण एजेन्सियों को रोजगार सेतु पोर्टल में दर्ज कर जिले के प्रवासी श्रमिकों को अनिवार्य रूप से काम में लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के श्रमिक विभिन्न राज्यों से कार्य छोडकर अपने जिले में आ गए हैं। इन्हें प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इनमें श्रमिकों के साथ मिस्त्री भी हैं उन्हें भी काम में लगाएं। रोजगार सेतु में श्रमिकों की जानकारी उपलब्ध है संबंधित निर्माण एजेन्सी जैसे ही रोजगार सेतु में अपना पंजीयन करेगी उसे चल रहे निर्माण कार्य के आसपास रहने वाले श्रमिकों की जानकारी प्राप्त हो जाएगी।कलेक्टर श्री शर्मा ने वर्तमान में शासन द्वारा प्रारंभ की गयी डिजीटल शिक्षा से शत प्रतिशत छात्र-छात्राओं को जोडने के निर्देश दिए। जो शिक्षक इस कार्य में रूचि नही दिखा रहे उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को उनके घर जाकर पाठ्य पुस्तक उपलब्ध कराने की बात कही एवं बच्चों को गणवेश एवं पात्रतानुसार साइकिल वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पाठ्य पुस्तक का वितरण 5 जुलाई तक पूर्ण कर लिया जाए। बैठक में जिन निजी स्कूलों का पठन पाठन शुल्क शेष है उन्हें भुगतान कराने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सम्पन्न हुई बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री कमल सिंह कुशवाहा, सर्वशिक्षा अभियान के परियोजना अधिकारी श्री विष्णु त्रिपाठी के साथ खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।