Translate

सोमवार, 8 जून 2020

पन्ना। श्रद्धालुओं को बाहर से करने होंगे दर्शन अभी नहीं खुलेंगे मन्दिर,मस्जिद,गुरुद्वारे के कपाट...धर्मगुरूओं एवं धार्मिक संस्थान प्रतिनिधियों की बैठक सम्पन्न।


//रमेश अग्रवाल//
नेटवर्क पन्ना। देश मे फैली कोरोना महामारी के बीच भारत सरकार द्वारा 8 जून से देश के सभी धार्मिक स्थलों को विभिन्न दिशा निर्देशों के साथ खोलने के लिये एडवाइजरी जारी की गई थी। हालांकि इसका अंतिम निर्णय लेने के लिये प्रदेश सरकारों पर छोड़ दिया गया था। उक्त निर्णय को देखते हुए लग रहा था कि पन्ना के भी सभी धार्मिक स्थल 8 जून से खुल जाएंगे। लेकिन 7 जून को पन्ना कलेक्ट्रेट में कलेक्टर कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में धर्मगुरूओं एवं धार्मिक संस्थानों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में सभी मंदिर, मस्जिद, गुरूद्वारा एवं अन्य धार्मिक संस्थानों से जुडे प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इन सभी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा अभी तक कोविड-19 के संक्रमण को रोकने में अच्छा प्रयास किया गया। जो भी व्यवस्थाएं अभी तक लागू की गयी थीं आगे भी इसी तरह की व्यवस्थाएं रखी जाएं। बैठक में सभी के द्वारा कहा गया कि पूर्व से जारी गाइडलाइन को 30 जून तक यथावत रखा जाय। जिससे जिले में कोविड-19 के संक्रमण को पूरी तरह रोका जा सके।कलेक्टर श्री शर्मा ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि जिले के लोगों ने कोरोना वायरस रोकने के लिए जो भी उपाय बताए गए हैं उनका पालन किया है। आगामी आने वाले समय में भी इसी तरह कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के उपायों को अपनाया गया तो हमारा जिला बहुत जल्द कोरोना मुक्त हो जाएगा। सम्पन्न हुई बैठक में जिले के सभी धर्मो एवं धार्मिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ एसडीएम श्री शेर सिंह मीना उपस्थित रहे।