Translate

शनिवार, 6 मई 2023

भगवांं में दिखावा साबित हो रहा है स्वच्छता अभियान।

//विन्द्रावन विश्वकर्मा//

घुवारा(छतरपुर)। भले ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना शहरों सहित ग्रामीण क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का हो मगर ग्रामीण स्तर पर स्वच्छता अभियान महज दिखावा साबित हो रहा है। भगवां गांव में स्वच्छता अभियान किस स्तर पर चल रहा वह तस्वीर प्रदर्शित कर रही है। बड़ामलहरा जनपद पंचायत अंतर्गत भगवांं ग्राम पंचायत में पिछले लम्बे अरसे से बेहद पैमाने पर गंदगी का साम्राज्य छाया हुआ है। इस ग्राम पंचायत में स्वच्छता के नाम पर न सिर्फ भारी धनराशि खर्च की गई है बल्कि स्वच्छता की रस्म अदायगी की गई है। भगवांं गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा नाली बनाने और स्वच्छता के नाम पर धरातल पर कोई काम नहीं किया गया है। गांव का ऐसा कोई वार्ड नहीं जो गंदगी से सराबोर न हो।

•  फैल रहीं बीमारियां।

गांव में जगह-जगह कचरे के ढेर गंदगी और नालियों में पानी जमा होने के कारण तरह-तरह की बीमारियां फैल रहींं है जिससे ग्रामीण खासे परेशान हैं। गंदगी के कारण बढ़ रहे प्रदूषण के चलते ग्रामीण संक्रमित बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं मगर पंचायत स्तर की कर्मचारी और पदाधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे है।

• मच्छरों का प्रकोप बढ़ा।

भगवांं गांव में गंदगी और नालियों के कचरे से अटे पड़े होने के कारण मच्छरों का प्रकोप दिन-ब-दिन बढ़ रहा है जिससे मलेरिया के मरीजों में खासा इजाफा हो रहा है गौरतलब है कि भले ही लोगों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी हो लेकिन स्वच्छता और स्वास्थ्य के मामले में ग्राम पंचायत की भी जिम्मेदारी कम नहीं है। बढ़ते मच्छरों के प्रकोप और गांव में फैल रही बदबूदार गंदगी के प्रति आखिर ग्राम पंचायत अपनी जिम्मेदारी क्यों नहीं निभा रही है इस बात को लेकर ग्रामीण खासे अचरज में है।