नेटवर्क छतरपुर। डिस्ट्रिक्ट छतरपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान पूर्व नियोजित क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर को स्थगित कर दिया गया है। यह शिविर जनवरी में आयोजित किए गए इंटर स्कूल टूर्नामेंट में चयनित 30 क्रिकेट खिलाडिय़ों के खेल को निखारने के लिए आयोजित किया जाना था लेकिन कोरोना महामारी को दृष्टिगत रखते हुए एसोसिएशन ने फिलहाल इस शिविर को टाल दिया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय चौरसिया ने बताया कि लेदर बॉल इंटर स्कूल टूर्नामेंट का आयोजन 22 जनवरी से 30 जनवरी 2020 के बीच शहर के पेप्टेक टाउन में आयोजित किया गया था। इस टूर्नामेंट में विभिन्न स्कूली टीमों में से 30 खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया था। इस शिविर में डीसीसीए के द्वारा बाहर से आने वाले प्रशिक्षकों की मौजूदगी में इन 30 खिलाडिय़ों को लेदर क्रिकेट की बारीकियों की जानकारी दी जानी थी। वर्तमान में कोरोना महामारी एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत उक्त शिविर आयोजित किया जाना संभव नहीं है इसलिए फिलहाल इस शिविर को टाल दिया गया है। शिविर के आयोजन के संबंध में अग्रिम तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा।