//रमेश अग्रवाल//
नेटवर्क पन्ना। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा द्वारा सीएम हेल्पलाईन में प्राप्त होने वाली शिकायतों की निरंतर विभागवार समीक्षा की जाती है। समीक्षा के परिणाम स्वरूप आज पन्ना जिला संतुष्टि के साथ शिकायतें बंद करने पर प्रदेश में एक नम्बर पर आ गया है।कलेक्टर श्री शर्मा द्वारा शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की गयी। समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाईन संबंधी शिकायतों को प्रतिदिन देखने के साथ निराकृत करने की कार्यवाही करें। उन्होंने प्रवासी श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में अब तक की गयी कार्यवाही की समीक्षा की गयी। जिन विभागों द्वारा कम श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है उनके प्रति असंतोष जाहिर करते हुए कहा कि प्रत्येक निर्माण एजेन्सी निर्माण कार्यो में अधिक से अधिक प्रवासी श्रमिकों को रोजगार का अवसर प्रदान करें। जिन विभागों द्वारा कम श्रमिकों का रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीयन किया गया है वे आज ही आवश्यकतानुसार प्रवासी श्रमिकों का पंजीयन कर काम में लगाएं। उन्होंने कहा कि रोजगार आवश्यकता वाले शत प्रतिशत प्रवासी श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाईन, रोजगार सेतु पोर्टल के साथ अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रत्येक सप्ताह कडाई से समीक्षा की जाएगी। प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने विभाग से सप्ताहभर में की गयी कार्यवाही के प्रतिवेदन के साथ बैठक में उपस्थित हों। सम्पन्न हुई बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बालागुरू के, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. धुर्वे के साथ संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।