//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
घुवारा(छतरपुर)। शादी विवाह के सीजन में बस मालिकों की मनमानी और बस चालकों की लापरवाही के चलते सवारियों के साथ कभी भी बड़ा हादसा होने की पूर्ण संभावना है लेकिन इस ओर प्रशासन का ध्यान नहीं है।हासिल जानकारी के मुताबिक बड़ामलहरा पुलिस अनुविभाग के भगवांं गांव से गुजरने वाली अक्सर सवारी बसों की लापरवाही सामने आ रही है। शादियों के सीजन में खचाखच भरी बसों में बेपरवाह होकर न सिर्फ यात्री बसों की छत पर बैठ रहे हैं बल्कि इस ओर बस चालक कंडक्टर और क्लीनर का भी लापरवाही पूर्ण रवैया रहता है। बताया गया है कि बस संचालकों की लापरवाही खत्म नहीं हो रही है। यही कारण है कि जिला सहित कस्बों में आये दिन बस हादसे होते रहते है। लोगों का आरोप है कि भगवां क्षेत्र से गुजरने वाली अधिकतर बसों में सवारियां ठूंस-ठछंसकर भरीं जाती है जिनमें इमरजेंसी गेट भी नहीं है। आरोप है कि इमरजेंसी गेट के नाम पर सिर्फ सफेद पेंट से चिन्हित कर इमरजेंसी गेट लिखवा दिया गया है लोगों का आरोप है कि बस संचालकों और बस मालिकों की इस मनमानी और लापरवाही के खिलाफ प्रशासन आखिर कार्यवाही क्यों नहीं करता और करता भी है तो महज खानापूर्ति तक ही सीमित रहती है।
"शादी,विवाह के सीजन में मेरी बगैर जानकारी के बसें ओवरलोड़ चल रहींं हों तो बात अलग है वैसे जहां तक मेरी जानकारी में है बसें ओवर
लोड नहीं चल रहीं है यह जानकारी आपसे मिल रही है मैं गंभीरता से लेकर दिखवाता हूं और कार्यवाही करवाता हूं"
रुपनारायण पटैरिया थाना प्रभारी,भगवां