//रमेश अग्रवाल//
नेटवर्क पन्ना। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा द्वारा जिला मुख्यालय में स्थापित किए गए कोविड हेल्थ केयर सेंटरों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने निरीक्षण के प्रथम चरण में जिला चिकित्सालय में कोविड केयर के लिए स्थापित वार्डो का निरीक्षण किया गया। इन वार्डो में 45 बेड रेगुलर आॅक्सीजन सुविधा से लेस तथा 25 आईसीयू बेडों की स्थापना का निरीक्षण किया गया। उन्होंने इन वार्डो में सभी तरह की चिकित्सा सुविधा, मनोरंजन सुविधा के साथ मरीजों के लिए अन्य सुविधाओं की व्यवस्था का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन वार्डो के मरीजों के लिए टीव्ही की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। वार्डो की निगरानी रखने के लिए सीसीटीव्ही कैमरा स्थापित किए जाए। इन वार्डो में आने जाने के लिए पृथक से सर्वसुविधायुक्त प्रवेश मार्ग बनाया जाए।
इन वार्डो में भर्ती मरीजों के उपचार के लिए डाॅक्टर एवं मेडिकल स्टाफ के लिए सर्वसुविधायुक्त कमरा तैयार रखा जाए। उसी कक्ष में सीसीटीव्ही कैमरे की माॅनीटरिंग व्यवस्था सुनिश्चित करें। प्रत्येक वार्ड में पेयजल की व्यवस्था महिला एवं पुरूषों के लिए पृथक-पृथक शौचालय की व्यवस्था की जाए। इसके उपरांत उन्होंने पुराने पन्ना में स्थापित कोविड हेल्थ केयर सेंटर, माॅडल स्कूल, सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास तथा पिछडा वर्ग छात्रावास का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अब तक की गयी तैयारी की समीक्षा करने के उपरांत तीन दिवस के अन्दर सम्पूर्ण व्यवस्थाएं करने के निर्देश संबंधितों को दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सेंटर में सीसीटीव्ही कैमरे, माॅनीटरिंग कक्ष, मरीजों के लिए आरामदेह बिस्तर, महिला एवं पुरूषों के लिए पृथक पृथक शौचालय, प्रत्येक कक्ष में पेयजल के लिए मटके, महिला एवं पुरूषों के लिए अलग अलग वार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मरीजों एवं चिकित्सा दल के आने जाने के लिए पृथक पृथक प्रवेश द्वार बनाए जाएं। प्रत्येक सेंटर में चिकित्सक दल के लिए पृथक से सर्वसुविधायुक्त कक्ष स्थापित किया जाए। प्रत्येक केन्द्र में साफ सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, मनोरंजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बालागुरू के, एसडीएम शेर सिंह मीना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एल.के. तिवारी के साथ संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
