//रमेश अग्रवाल//
नेटवर्क पन्ना। जिले में प्रवासियों की वापसी के बीच कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब तीन हो गई है। जिले की गुनौर तहसील के ग्राम बिलघाड़ी में रहने वाले एक व्यक्ति के कोरोना सैम्पल की जाँच रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। सुबह-सुबह इसकी जानकारी मिलते ही पन्ना जिले का प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए। बिना किसी देरी के आनन-फानन में जिले के पन्ना कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, सीएमएचओ डॉ. एल. के. तिवारी सहित अन्य अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन की टीमें बिलघाड़ी ग्राम के लिए रवाना हो गईं।
कोरोना पॉजिटिव पाए गए युवक ग्राम बिलघाड़ी निवासी के सम्बंध में जानकारी मिली है कि वह अपने परिवार के साथ कुछ दिन पूर्व दिल्ली से मिनी बस में सवार होकर जिले के दूसरे कोरोना पॉजिटिव मरीज साकेत शर्मा 22 वर्ष निवासी ग्राम घाट सिमरिया के साथ वापस अपने गाँव लौटा था।
वहीं प्रशासन पूरी तरह से मुस्तेद नजर आ रहा है। इस मरीज को जिला अस्पताल बेहतर ईलाज हेतु शिफ्ट कर दिया गया है। गौरतलब है कि पन्ना में 3 में से 1 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर वापस लौट चुका है।
