Translate

रविवार, 14 जून 2020

पन्ना। जिला में एक और कोरोना पॉजिटिव मामला आया सामने...कुल 22 पर पहुँचा आंकड़ा...जिनमे से 21 मरीज स्वस्थ होकर पहुंचे घर।


//रमेश अग्रवाल//
नेटवर्क पन्ना। जिले में आज सुबह से खुशियां थी की कोरोना पॉजिटिव मरीज सभी स्वस्थ होकर घर चले गए हैं । जिससे अब पन्ना जिले में एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं रह गए हैं । यह खुशियां कुछ ही क्षणों तक रह पाई है  और पन्ना जिले के गुनौर तहसील मुख्यालय के समीपी ग्राम सिली में आज फिर एक कोरोना पॉजिटिव मरीज निकल आया है।
     जैसे ही जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एल के तिवारी को जानकारी प्राप्त हुई उन्होंने तत्काल ही पूरी जानकारी जिला कलेक्टर कर्मवीर शर्मा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए स्वास्थ्य विभाग तथा पुलिस विभाग के माध्यम से कोरोना पॉजिटिव मरीज को जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया है । वही सिली ग्राम को पुलिस सुरक्षा में नाकाबंदी कर रखा गया है । ताकि सभी संदिग्ध व्यक्तियों का सैंपल भरा जा सके और उनकी जांच पड़ताल कर यह सुनिश्चित किया जा सके कि संबंधित मरीज की चपेट में आए और कोई व्यक्ति तो संक्रमित नहीं है। जिसको लेकर गुनौर थाना का पुलिस बल एवं पुलिस लाइन का बल मौके पर रवाना किया गया है। जिनके द्वारा क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है । ज्ञात हो कि सिली ग्राम में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद से जिले में कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 22 हो गई है। जिनमें से 21 स्वस्थ होकर के घर पहुंच चुके हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एल के तिवारी ने बताया कि कोरोना  संक्रमण  की बीमारी कोई गंभीर बीमारी नहीं है। इससे घबराने की कोई जरूरत नहीं है सिर्फ सावधानियां रखना है। यदि किसी व्यक्ति को सर्दी खासी बुखार है और सांस लेने में तकलीफ होती है तब ऐसे व्यक्ति को  नजदीकी डॉक्टर के पास जाकर के स्वास्थ्य परीक्षण करवाना चाहिए। ताकि उसका समय रहते स्वास्थ्य परीक्षण किया जा सके और यदि कोरोना संक्रमण के लक्षण जांच में आते हैं तो उसको समय रहते सही उपचार दिया जा सके। डॉ  तिवारी ने बताया कि कोरोना संक्रमण मरीजों से घृणा बिल्कुल नहीं करना है। उनका उत्साह बढ़ाना है साथ ही उनकी केयर करना है। ताकि वह जल्द से जल्द स्वस्थ होकर के अपने घर पहुंच सके।