Translate

मंगलवार, 16 जून 2020

देवेन्द्रनगर में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला...एरिया को किया कण्टेन्मेंट जोन...नोएडा से आया था युवक।



//रमेश अग्रवाल//
नेटवर्क पन्ना।  पन्ना जिले के नगर परिषद देवेन्द्रनगर के वार्ड क्रमांक 01 सलेहा रोड में राणा कालोनी के सामने नोएडा से आये 30 वर्षीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। उक्त खबर की पुष्टि देवेन्द्रनगर तहसीलदार दिव्या जैन व बीएमओ डॉ अभिषेक जैन द्वारा की गई है। बताया जाता है कि उक्त युवक 13 जून को ट्रेन से दमोह होता हुआ अपनी मोटरसाइकिल से वापस देवेन्द्रनगर स्थित अपने घर आया था। तभी उसे अचानक तबियत सी खराब लगी तो उसने अस्पताल देवेन्द्रनगर पहुंचकर अपना चेकअप कराया। उसका एहतियातन तौर पर सेम्पल जांच हेतु 14 जून को भेजा गया था। जहां उसकी 16 जून को रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। वहीं युवक के बारे में जानकारी दी गई है कि उसे होम आइसोलेट किया गया था। और उसके सम्पर्क में घर वालों के अलावा कोई नही आया। साथ ही युवक के परिवारवालों का भी जांच हेतु सेम्पल भेजा जा रहा है। और सभी को बड़ागांव स्थित छात्रावास में क्वारेंटाइन किया जा रहा है। वहीं नगर परिषद देवेन्द्रनगर सीएमओ महमूद हसन द्वारा पूरे कण्टेन्मेंट एरिया को सेनेटाइज करवाया गया। और मोहल्ले वालों को होम डिलीवरी की सुविधा रहेगी। साथ ही बेरिकेट्स लगाकर आधा किलोमीटर एरिया को कण्टेन्मेंट बनाकर आवश्यक तैयारियां की जा रही है। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व नर्सों के द्वारा पूरे मोहल्ले में जाकर जानकारी ली जा रही है। युवक की ट्रेवल हिस्ट्री निकाली जा रही है। जैसे ही युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी वैसे ही नगरीय प्रशासन के रूप में तहसीलदार देवेन्द्रनगर दिव्या जैन,बीएमओ डाक्टर अभिषेक जैन,सीएमओ महमूद हसन व पुलिस बल मोके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं तहसीलदार दिव्या जैन का कहना है कि इसमें चिंतित होने की कोई बात नहीं है।  ययुवक स्वस्थ है और उसे बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय पन्ना भेज दिया गया है। पन्ना जिले में अभी तक 21 लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके है। अब पन्ना में 02 एक्टिव केस है। कुल संक्रमित संख्या 23 हो गई है।