//रमेश अग्रवाल//
नेटवर्क पन्ना। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य एवं राजस्व अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गयी। बैठक में कलेक्टर श्री शर्मा ने लापरवाह डाॅक्टरों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्र में सर्वे का कार्य किया जाना है इस कार्य पर आप लोग सतत निगरानी रखें। जिससे कोई भी कोरोना संभावित व्यक्ति एवं प्रवासी व्यक्तियों की जानकारी छूटने न पाए।
बैठक के प्रथम चरण में फीवर क्लीनिक में दर्ज मरीजों के संबंध में चर्चा की गयी। उन्होंने जिले में स्थापित फीवर क्लीनिकों में बहुत कम रोगियों के दर्ज होने पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक राजस्व अधिकारी एवं बीएमओ अपने-अपने क्षेत्र में निजी प्रेक्टिस करने वाले डाॅक्टरों की बैठक आयोजित कर उन्हें निर्देशित करें कि उनके यहां उपचार के लिए आने वाले सर्दी, जुखाम, बुखार एवं सांस संबंधी मरीजों की जानकारी फीवर क्लीनिकों में तुरंत दें। जिससे कोरोना संभावित मरीजों की जांच की जा सके और कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
उन्होंने सर्वे के संबंध में कहा कि पूर्व में आ रहे प्रवासी व्यक्तियों के लिए केन्द्र निर्धारित थे उनका पंजीयन एवं परीक्षण निरंतर किया जा रहा था। पूर्व में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों का शत प्रतिशत सर्वे कार्य किया गया था। वर्तमान में जो भी व्यक्ति बाहर से जिले में आ रहे हैं वो स्वयं के वाहनों से आना जाना कर रहे हैं इसलिए पिछले 15 दिनों में आए नगरीय क्षेत्र के लोगों का घर-घर सर्वे कार्य कराया जाना सुनिश्चित करें। उन लोगों पर विशेष ध्यान रखा जाए जो प्रदेश अथवा देश के रेड जोन जैसे दिल्ली, बम्बई, इन्दौर आदि से पिछले 15 दिनों में आना जाना किया गया है। यदि इन लोगों में कोई भी व्यक्ति सर्दी, जुखाम, बुखार, सांस आदि की दिक्कत के साथ पूर्व से किसी गंभीर बीमारी जैसे हृदय, शुगर, लीवर, फेफडे आदि से पीडित हैं उनकी जांच स्थानीय स्तर पर ट्रयू-नाॅट यूनिट से करने के उपरंात पाॅजिटिव पाए जाने पर उनके नमूने लेकर सागर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाए। ऐसे व्यक्तियों को तत्काल होम आईसोलेट या कोविड केयर सेंटर में आईसोलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
बैठक में निर्देश दिए गए कि पूर्व से मलेरिया के लिए चिन्हित ग्रामों में मच्छर निरोधक दवा का छिडकाव कराएं। पेयजल के लिए उपयोग किए जाने वाले कुओं में दवा डालने का कार्य सम्पन्न कराएं। शत प्रतिशत गर्भवती महिलाआंे का पंजीयन एवं संस्थागत प्रसव कराएं। महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण का कार्य तेजी से किया जाए। जिले में गठित की गयी आरआर टीम को निरंतर सक्रिय रखें। बैठक में अनुपस्थित रहने के कारण शाहनगर विकासखण्ड के बीएमओ डाॅ. सर्वेश लोधी को बीएमओ पद से हटाने तथा अमानगंज के डाॅ. आशीष तिवारी को बैठक में बिलम्ब से आने एवं चाही गयी जानकारियां न दे पाने पर स्पष्टीकरण लिए जाने के निर्देश दिए। सम्पन्न हुई बैठक में अपर कलेक्टर श्री जे.पी. धुर्वे, एसडीएम श्री शेर सिंह मीना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एल.के. तिवारी, समस्त एसडीएम, बीएमओ, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।