//हरिशंकर पाराशर//
नेटवर्क कटनी। कलेक्ट्रेट स्थित खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में पदस्थ कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी संतोष नंदनवार को सोमवार की दोपहर जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपित ने महिला समूह को राशन दुकान आवंटित करने के नाम पर राशि की मांग की थी। निरीक्षक लोकायुक्त स्वप्निल दास ने बताया कि कुठला थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी राजकुमार बर्मन की पत्नी स्व सहायता समूह का संचालन करती है।
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नंदनवार ने अनाज वितरण संचालन के लिए राशन दुकान देने के लिए 50 हजार की रिश्वत मांगी थी। जिसमें 30 हजार में सौदा तय हुआ था। राजकुमार ने घूस मांगने की शिकायत लोकायुक्त जबलपुर को की थी। लोकायुक्त की टीम ने सोमवार को अपनी योजना के अनुसार राजकुमार को पैसा देकर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी संतोष नंदनवार के पास भेजा। जैसे ही राजकुमार ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को रिश्वत के पैसे दिए वैसे ही लोकायुक्त की
टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त की कार्रवाई के साथ ही कलेक्ट्रेट में हड़कंप मच गया और कई कार्यालय सूने नजर आए।