// निशांत मिश्रा//
नेटवर्क कौशाम्बी। अभी निखोदा गांव थाना महेवा घाट में घटित 35 लाख की चोरी की घटना लोगों के जेहन से उतर नहीं पाई थी, कि बेखौफ चोरों ने थाना क्षेत्र के ही कुम्हियावा गांव में लगभग 18 लाख की चोरी की घटना को अंजाम दे दिया।
सूत्रों की माने तो निखोदा गांव की चोरी में मुख्य भूमिका निभाने वाले मुख्य चोरों को जिस तरीके अभय दान दिया गया उससे चोरों के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे और क्षेत्र में घूम घूमकर चोर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे है।
महेवा घाट थाना क्षेत्र के कुम्हियावा गांव में बीती रात राकेश कुमार त्रिपाठी के घर पीछे के रास्ते सेंध काटकर घर में घुसे चोरों ने घर में रखें व्यापार के लगभग ₹600000 सहित नई नवेली दुल्हन के समस्त जेवरात व राकेश की पत्नी के नकदी व जेवरात चोर उठा ले गए। वही घर के पीछे से भागे चोरों ने घर से कुछ ही दूरी पर चोरी किए गए संदूक व सूटकेस को खेतों में फेंक नौ दो ग्यारह हो गए।
लोगों की माने तो महेवाघाट थाना क्षेत्र के ही निखोदा गांव में विगत मार्च के महीने में 35 लाख की चोरी की घटना को चोरों ने अंजाम दिया था। जिस पर चोरों के प्रति स्थानीय पुलिसिया प्रेम जिस प्रकार जनता को देखने को मिला उससे कहीं न कहीं चोरों के हौसले पूरी तरह बुलंद है। चोर जिस प्रकार घूम घूम कर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं वहीं स्थानीय पुलिस ऐसी घटनाओं पर सिर्फ पहेली बुझाती नजर आ रही है। पीड़ित की माने तो घर के पीछे के रास्ते घुसे चोरों ने जहां राकेश की पत्नी के संदूक में रखे समस्त जेवरात व ₹50000 नकदी व घर में रखे मील के ₹350000 तथा उनके बड़े भाई के गल्ला के व्यापार के सवा लाख रुपए तथा उनके छोटे भाई के ₹50000 सहित घर में आई नई नवेली दुल्हन जो अभी हाल ही में मायके चली गई थी के समस्त जेवरात व नकदी उठा ले गए। पीड़ित ने बताया कि उसके घर से 6 लाख की नगदी सहित घर में रखे लगभग 1200000 रुपए के गहने चोरों ने पार कर दिया। जिसकी सूचना उनके द्वारा स्थानीय पुलिस को दी गई। ज्ञात हो कि महेवाघाट क्षेत्र के निखोदा गाँव की 35 लाख की चोरी के मुख्य अभियुक्त अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है,और पुलिस लगभग 5 लाख रु0 तक के गहने बरामद कर अपनी पीठ थपथपा रही है। नतीजन पुलिसिया आंखमिचोली से बेखौफ चोर लोगो को अपना निशाना बनाते हुए खुल्लमखुल्ला चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे है।