Translate

बुधवार, 27 सितंबर 2023

बक्सवाहा। तीर्थ क्षेत्रों की सुरक्षा ख़तरे में...जैन तीर्थ नैनागिरि के मंदिर में फिर टूटे ताले।

//रत्नेश रागी, रूपेश जैन//

बकस्वाहा(छतरपुर)।  बकस्वाहा थाना क्षेत्रांतर्गत धार्मिंक स्थलों पर इन दिनों पुलिस सुरक्षा खस्ताहाल दिखाई दे रही है। आये दिन तीर्थ क्षेत्र एवं मंदिरों से चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं। सिर्फ तारीखें बदल रही हैं परंतु हालत अभी जस के तस बने हुए हैं। ताजा मामला मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात देश का सुप्रसिद्ध जैन तीर्थक्षेत्र नैनागिरि से सामने आया है।  नैनागिरि पर्वत पर बने मंदिर समूह के भगवान ऋषभदेव मंदिर क्रमांक 15 पर अज्ञात चोरों द्वारा ताले तोड़ने का प्रयास किया गया परंतु असफलता लगने के पश्चात मुनिसुब्रतनाथ मंदिर क्रमांक 33 के दरवाजे की सांकल ताले तोड़े गए हैं। हालांकि प्रथम दृष्टया ऐसा पता चला कि किसी प्रकार की सामग्री चोरी नहीं हुई है।

             परन्तु चिंताजनक बात यह है कि ये कोई नई बात नहीं है जब नैनागिरि में चोरी की वारदातें घटित हुई हो। नैनागिरि जैन तीर्थक्षेत्र पर 11-12 नवंबर 2022 की दरम्यानी रात में चोरी की वारदात सामने आई थी, जिस दौरान करीब 05 लाख की सामग्री (छोटे-बड़े छत्र, चांदी की झारी,दो दानपेटी/गुप्त भंडारों की नगदी राशि) चोरी हुई थी। जिस बीच गिरिराज के मंदिर क्रमांक 33 से 40 तक के सांकल ताले तथा दानपेटी तोड़कर चोरी की गई थी । इसके पूर्व भी बदमाशों ने मंदिर में चोरी घटनाएं की। इसके अलावा नैनागिरि के निकटवर्ती ग्राम बम्हौरी ,दलपतपुर , बकस्वाहा के जैन मंदिर , बीरमपुरा डानमाता ,आबारमाता सहित अनेक मंदिर व धर्म स्थलों पर चोरी की घटनाएं हुई हैं और पुलिस को सफलता प्राप्त नहीं हुई।अब ऐसे में पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में हैं ,वही तीर्थ क्षेत्रों व मंदिर धर्मस्थलों की सुरक्षा अंधेरे में है।

       सुबह जैसे ही नैनागिरि घटना की जानकारी मिली तुरंत ही क्षेत्र के प्रबंधक ने पुलिस को सूचित किया गया और जानकारी मिलने उपरांत तीर्थक्षेत्र कमेटी के मंत्री राजेश रागी व मंत्री देवेंद्र लुहारी तथा संयुक्त मंत्री वीरेंद्र सिंघई , उपमंत्री सुकमाल गोल्डी, सत्येंद्र लोहिया सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य तथा जैन युवा मंच बकस्वाहा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के सैकड़ों नवयुवक मौके पर पहुंच गये , दोपहर में बकस्वाहा थाना प्रभारी तथा एसडीओपी बड़ामलहरा अपने पुलिस बल के साथ मौका पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे सहित निरीक्षण कर जांच शुरू की ।

पुलिस ने मामला दर्ज किया

नैनागिरि में हुई चोरी के संबंध में बकस्वाहा थानांतर्गत पुलिस चौकी नैनागिरि में पुलिस ने अपराध क्रमांक /014/23 दिनांक 27/09/2023 भारतीय दंड विधान की धारा 457, 511 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों से ऐसी खबर है कि अपनी प्राथमिक जांच में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से कुछ सुराग हासिल भी कर लिए हैं।

 इनका कहना है कि....

"नैनागिरि चोरी के असफल प्रयास के संबंध में हम जांच कर रहे हैं, पीएसटीएन डाटा के माध्यम से मोबाइल को भी ट्रेस कर रहे।"

कृपाल सिंह मार्को, थाना प्रभारी बक्सवाहा