अवैध खुदी पड़ी खदान,बालक की मौत का बनी सबब।
//अरबाज खान//
राजनगर(छतरपुर)। शासकीय महाविद्यालय नवीन बिल्डिंग के पास पानी से भरी अवैध खुदी खदान में डूबने से हुई बालक की मौत। राजनगर में नवीन शासकीय महाविद्यालय के पास किसी ठेकेदार द्वारा एक बड़ी खदान खोद दी गई थी जिसमे बारिश में पानी भरा रहता है। उक्त खदान में सुरक्षा के कोई इंतजाम न कर उसे ऐसे ही खुला छोड़ दिया गया था जिससे उक्त खदान में पूर्व में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं ।ठीक इसी परिक्रम में राजनगर के फौजदार मुहल्ला वार्ड नं 2 निवासी मंगलदीन प्रजापति उम्र लगभग 15 वर्ष पुत्र पन्नालाल उर्फ परदेशी प्रजापति की भी मृत्यु उक्त खदान में भरे हुए पानी में डूबने से हो गई । बालक के डूबने की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में हाहाकार मच गया। घटना सुबह लगभग 10 से 11 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मृतक मंगल्दीन प्रजापति उक्त खदान में कैसे गया ये जाँच का विषय है। फिर भी उक्त पानी से भरी खदान में पूर्व में भी कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अभी तक कोई कार्यवाही नहीं कि गई है जिससे आये दिन कोई न कोई दुर्घटनाएं घटित हो रहीं है।
उक्त घटना में थाना राजनगर को किसी बालक के डूबने की जानकारी मिलने के पूर्व कुछ लोगों द्वारा मृतक बालक को पानी से निकाल लिया था और राजनगर पुलिस के मौके पर पहुँचने पर तुरन्त उक्त बालक को पुलिस वाहन से ही राजनगर हॉस्पिटल लाया गया जहाँ डॉक्टरों द्वारा उक्त बालक को मृत घोषित कर दिया गया।