विश्व डाक दिवस पर अनूठे अंदाज में कार्यक्रम हुआ आयोजित।
//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
घुवारा(छतरपुर)। नगर के फूलचंद्र जैन मोन्युमेन्ट स्कूल में विश्व डाक दिवस के शुभ अवसर पर पोस्टकार्ड्स के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता का कार्यक्रम सम्पन्न किया गया।जिसमें सुबह से ही प्रार्थना के दौरान कु. रूपाली जैन एवं कु. शैली जैन शिक्षिकाओं के द्वारा विश्व डाक दिवस के संबंध में आधारीय जानकारी प्रदान की गई। जैसा कि विगत 2 अक्टूबर को विधालय के छात्रों के द्वारा नगर में जनसम्पर्क कर घर-घर स्वच्छता के महत्व को समझाया था।
जिस दौरान अधिकांश बच्चों ने नागरिकों के माध्यम से स्वच्छता संबंधी समस्या एवं सुझाव को प्राप्त किया था।
आज विश्व डाक दिवस के अवसर पर पोस्ट कार्ड के माध्यम से बच्चों ने अपने ग्रुप के अनुसार 2 अक्टूबर को प्राप्त सुझाव एवं समस्याओं को मुख्य नगर पालिका अधिकारी घुवारा को लिखित रूप में भेजा है।
यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी कि वर्तमान युग में जहाँ आनलाईन सिस्टम से संदेशों का आदान -प्रादान कर रहे हैं वही पुरानी पत्राचार प्रणाली को भूलते जा रहे हैं। आज पोस्ट आफिस बैंकों का रूप ले रहे हैं अतः आज के कार्यक्रम का मुख्य ध्येय यह भी था कि छात्रो को विलोपित हो रही पत्राचार प्रणाली से अवगत कराया जाए एवं पोस्ट कार्ड्स / अन्तरदेसी जैसे पत्र व्यवहार जैसी विलोपित विधियों को लुप्त होने से बचाया जा सके।