खरीफ फसलों के विक्रय के लिए किसान जल्द कराये पंजीयन।
ब्यूरो छतरपुर। छतरपुर जिले में खरीफ उपार्जन वर्ष 2019-20 में समर्थन मूल्य पर धान, मक्का, सोयाबीन, मूंग, उड़द, अरहर, मूंगफली, कपास, तिल और रामतिल के विक्रय के लिए किसानों के पंजीयन 23 अक्टूबर तक होंगे।
जिला आपूर्ति अधिकारी स्वाति जैन ने बताया कि जिला उपार्जन समिति की बैठक में फसलों के पंजीयन के लिए जिले में कुल 73 पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। किसान अपना पंजीयन स्वयं किसान मोबाइल एप से कर सकते हैं अथवा एमपी ऑनलाइन के जरिए भी पंजीयन कराया जा सकता है। किसान पंजीयन केन्द्र पर उपस्थित होकर भी अपना पंजीयन करा सकते हैं।
पंजीयन के लिए गौरिहार तहसील में 1, घुवारा में 10, छतरपुर में 10, नौगांव में 7, बकस्वाहा में 3, बड़ामलहरा में 8, बिजावर में 8, महाराजपुर में 4, राजनगर में 17 और लवकुशनगर तहसील में 5 पंजीयन केन्द्र स्थापित किए गए हैं।