मूलभूत विज्ञान के उपयोग पर राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ।
ब्यूरो छतरपुर। शासकीय स्वशासी महाराजा महाविद्यालय छतरपुर में समाज के कल्याण के लिए मूलभूत विज्ञान के उपयोग पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ 29 नवम्बर को कार्यक्रम मुख्य अतिथि एवं छतरपुर के अपर जिला न्यायाधीश प्रशांत कुमार निगम के कर कमलों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आनंद शुक्ला,अध्यक्ष जनभागीदारी समिति एवं सुनील सक्सेना क्षेत्रीय प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक क्षेत्रीय कार्यालय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था प्राचार्य डाॅ एल एल कोरी ने की।
कार्यक्रम संयोजक डाॅ एस डी चतुर्वेदी एच ओ डी आॅफ फिजिक्स डिपार्टमेंट ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया।
उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता के रूप में डाॅ के एस तिवारी,पूर्व निर्देशक इग्नू क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल एवं लोकपाल, महाराजा छत्रसाल बुन्देलखण्ड विश्वविद्याल ,छतरपुर ने अपने वक्तव्य में मूलभूत विज्ञान के उपयोग से प्रदूषण हटाने,ग्रीन ऊर्जा लाने,ई-टेक्नोलाॅजी बढ़ाने के तरीको से अवगत कराया।उन्होंने डाॅ पी के जैन,प्रोफेसर भूगर्भशास्त्र विभाग महाराजा महाविद्यालय के द्वारा बुन्देलखण्ड में किए जा रहे जल संवर्द्धन व संरक्षण के लिए वाटर मैनेजमेंट के कार्यों को सराहते हुए,इसी तरह अन्य विषयों पर भी कार्य किए जाने की उम्मीद जताई।
वहीं भौतिक विभाग के पूर्व प्रोफेसर रहे डाॅ एच एस खरे ने विभाग के उन्नतिशील कार्यों की सराहना की।उद्घाटन कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम आयोजक सचिव डाॅ आर पी कुम्हार,प्रोफेसर फिजिक्स डिपार्टमेंट ने सभी का आभार प्रकट करते हुए,सेमिनार के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम संयोजक डाॅ एस डी चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 व 30 नवम्बर को चलने वाले इस राष्ट्रीय विज्ञान सेमिनार में देश भर से शामिल हुए वैज्ञानिक और प्रोफेसर शोध पत्र व विचार प्रस्तुत करेंगे।