//राजेश पाराशर//
नेटवर्क सागर। बीजेपी ने तीसरी बार में 12 जिला अध्यक्षों की घोषणा की है। जिसमें सागर जिले को दो भागों में बांटकर दो जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। सागर में श्याम तिवारी और सागर ग्रामीण में जिला पंचायत सदस्य रानी पटेल कुशवाहा को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार रात सागर में जिला अध्यक्षों की घोषणा कर दी। सागर जिले में पहली बार पार्टी में दो जिला अध्यक्ष होंगे। घोषणा होते ही श्याम तिवारी के समर्थको ने आतिशबाजी कर माला पहनकर, मिठाई खिलाकर उनको शुभकामनाएं दी। यहां बता दें कि जिला अध्यक्ष को लेकर कई दावेदार सामने थे। जिनमें प्रमुख रूप से पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर, पूर्व सांसद राज बहादुर सिंह, अनिल तिवारी, जगन्नाथ,
गुरैया,अर्पित पांडे, वीरेंद्र पटेल सहित कई दावेदार थे। जिसको लेकर कई कयास लगाये जा रहे थे। तो वही जिला अध्यक्ष को लेकर पार्टी में गुटबाजी भी सामने आ रही थी।
पार्टी के कई वरिष्ठ नेता अपने-अपने समर्थकों को जिला अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर ऐडी चोटी का जोर लगा रहे थे। श्याम तिवारी एवं रानी पटेल की नियुक्ति के बाद अब इसमें विराम लग गया है। यहां बता दें कि यह पहली दफा हुआ है कि भारतीय जनता पार्टी ने सागर में दो जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े श्याम तिवारी पार्टी के विभिन्न पदों पर रहकर पार्टी में अपनी जिम्मेदारी संभालते रहे हैं और उन्हें संगठन का लंबा अनुभव है। वे वर्तमान में जिला महामंत्री पद पर कार्यरत हैं। तो वहीं रानी पटेल कुशवाहा जिला पंचायत सदस्य रहकर लोगों के बीच में है और महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी है। लंबे समय से पार्टी से जुड़ी हुई है।
आईए जानते हैं कि दो अध्यक्ष के कार्यक्षेत्र को लेकर जिलों में कैसे बटा बीजेपी का संगठन
जिले में दो लोकसभा क्षेत्र लगते हैं, जिसमें जिले की रहली, बंडा और देवरी विधानसभा दमोह लोकसभा क्षेत्र में आती है। शेष पांच विधानसभा सागर, खुरई, बीना, नरयावली और सुरखी सागर लोकसभा सीट में शामिल है। पार्टी ने दमोह लोकसभा सीट की विधानसभा रहली, बंडा और देवरी के लिए अलग कर ग्रामीण जिला अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया है। तो वहीं सागर लोकसभा सीट की पांच विधानसभाओं के लिए शहर भाजपा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया हैं।
खास बात- राजनीतिक विशेषज्ञ बताते हैं कि रहली के वार्ड क्रमांक 11 से जिला पंचायत सदस्य रानी कुशवाहा पूर्व मंत्री एवं रहली विधायक गोपाल भार्गव तो श्याम तिवारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सागर विधायक शैलेंद्र जैन के खेमें से है।
खैर जो भी हो आखिरकार भारी खींचतान के बाद पार्टी द्वारा सागर के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति का अंतिम निर्णय ले लिया गया।