महाराजा कॉलेज में पूर्व छात्र सम्मेलन आयोजित...युवाओं ने भविष्य निर्माण के लिए कठोर परिश्रम करने का किया दृढ़निश्चय।
नेटवर्क छतरपुर। शासकीय महाराजा कॉलेज, छतरपुर में शनिवार को वर्ष 2019 में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं का पूर्व छात्र सम्मेलन पूरी सार्थकता के साथ जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री आनंद शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया।महाराजा कॉलेज के न्यू बॉटनी हाल में आयोजित इस छात्रोपयोगी कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ एल एल कोरी ने की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में आयोजन समिति के डॉ. सुमति प्रकाश जैन ने उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश पर आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। पूर्व छात्र सम्मेलन के संयोजक डॉ एच एन खरे ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों एवं पूर्व विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत किया।वाणिज्य के विभागाध्यक्ष डॉ डीपी शुक्ला ने आयोजन की रूपरेखा को स्पष्ट करते हुए पूर्व छात्रों के ऐसे सम्मेलन की उपादेयता को रेखांकित किया।कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के सदस्य श्री पूर्णदत्त चतुर्वेदी ने छात्र छात्राओं को प्रेरक सम्बोधन देते हुए उनसे सदैव अपना भविष्य बनाने के लिए प्रयत्नशील रहने की बात कही।
इस सम्मेलन में उपस्थित स्थानीय एवं आस-पास के क्षेत्रों से आए कालेज के 2019 के पासआउट छात्र - छात्राओं रवि पाल, अर्शिया खान, मुकेश कुमार, रूबी कुशवाहा, अभिषेक सोनी, शिवेंद्र उपाध्याय,प्रशांत, प्रियंका गुप्ता, अभिलाषा चौरसिया आदि ने अपने मौलिक विचार रखते हुए ऐसे आयोजन को उनके हित के लिए महत्वपूर्ण और उपयोगी बताया। इन सभी विद्यार्थियों ने सम्मेलन में खुल कर अपने विचार व्यक्त करते हुए संकल्प भी लिया कि वे अपना भविष्य बनाने के लिए कठोर परिश्रम करेंगे।सम्मेलन में जानकारी दी गई कि महाराजा कॉलेज के अनेक पूर्व छात्र अपनी अथक मेहनत से विभिन्न पदों पर चुने जा चुके है और कई छात्रों का लिखित एग्जाम निकल गया है।शीघ्र ही वे साक्षात्कार की आखिरी परीक्षा देकर कॉलेज, परिवार और अपना नाम रोशन करेंगे।इस मौके पर महाराजा कॉलेज की बीकॉम टॉपर शिवांगी अग्रवाल का भी प्रेरणात्मक दृष्टि से उल्लेख किया गया।जिसने पहली बार में ही प्रदेश में दूसरा स्थान पाते हुए डिप्टी कलेक्टर पद प्राप्त कर सभी का मान बढाया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री आनंद शुक्ला ने अपने ओजपूर्ण उद्बोधन में पूर्व छात्रों को सफलता पाने हेतु लगन एवं कठोर परिश्रम करने की प्रेरणा दी और महाराजा कॉलेज में पढ़ाई के समय के विविध प्रेरक अनुभव सुनाए। श्री शुक्ला ने अपने समय की पढ़ाई, छात्रों के अनुशासन और गुरुजनों के सम्मान का जिक्र करते हुए सदैव गुरुजनों एवं माता पिता का सम्मान करने और उनका नाम रोशन करने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के डॉ एस के छारी ने सभी का आभार प्रकट किया।

