Translate

गुरुवार, 30 अप्रैल 2020

छतरपुर। जिले में 4 मई से प्रतिदिन खुलेंगी आवश्यक वस्तुओं की दुकानें...इन दुकानों पर रहेगा प्रतिबंध..जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समूह की बैठक हुई सम्पन्न।



 नेटवर्क छतरपुर।  जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए गठित जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समूह की बैठक कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण से उत्पन्न आपात स्थिति के नियंत्रण के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप आकस्मिक कार्ययोजना तैयार कर उसके क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कर 3 मई के बाद सशर्त दी जाने वाली छूट के विषय को लेकर चर्चा की गई।

●  4 मई से प्रतिदिन खुलेंगी आवश्यक वस्तुओं की दुकानें।

बैठक में कलेेक्टर श्री सिंह द्वारा बताया गया कि कोरोना वायरस का खतरा अभी भी पूर्ण रूप से खत्म नहीं हुआ है। इसलिए जरूरी है कि 3 मई के बाद जब लॉकडाउन 2.0 समाप्त हो, तो हम आगे की रणनीति अभी से तैयार कर लें। इसके अंतर्गत सभी जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों की सहमति के बाद निर्णय लिया गया कि 4 मई से सभी आवश्यक वस्तुओं के साथ-साथ जनरल स्टोर, कपड़ों एवं फुटवियर की दुकानें प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खोली जाएंगी, परंतु सब्जी और फल का विक्रय उन्हीं जगह/मैदानों पर किया जाएगा, जहां से लॉकडाउन अवधि के दौरान किया जा रहा था। ताकि सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पालन हो सके। चाय, पान, तम्बाकू और सैलून की दुकानों पर प्रतिबंध 3 मई के बाद भी जारी रहेगा।
बैठक में चर्चा के दौरान कोरोना वायरस के संक्रमण को जिले में फैलने से रोकने के लिए आगामी 15 मई तक जिले की सीमा पूर्णतः सील रखने के संबंध में सहमति बनी। आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई एवं आपातकालीन स्थिति को छोड़कर सभी प्रकार के आवागमन और परिवहन पर यथावत प्रतिबंध रहेगा। 
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि केन्द्र एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश अथवा अन्य प्रदेश के कोरोना हॉट स्पॉट/रेड जोन के जिलों से फंसे हुए लोगों को जिले में वापस बुलाने की अनुमति अभी प्रदान नहीं की जा सकेगी। इसके अलावा अन्य जगहों पर फंसे हुए लोग संबंधित जिलों में ई-पास के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। कलेक्टर द्वारा अवगत कराया गया कि हरियाणा से 288 मजदूर एवं कुछ मजदूर राजस्थान से वापस छतरपुर जिले आ चुके हैं। इन सभी की स्वास्थ्य जांच के पश्चात इन्हें होम क्वॉरेंटाइन किया जा चुका है। इन सभी मजदूरों के स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के 356 मजदूर जो अन्य राज्यों में फंसे हुए थे, उनके खाते में 1000 रूपए जमा कराया जा चुका है। जिले में कोरोना से लड़ने के लिए सभी संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री कुमार सौरभ ने सदस्यों को अवगत कराया कि पुलिस हर स्तर पर प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर कोरोना वायरस की रोकथाम में लगी हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस बल द्वारा जिले की सीमाओं की सीलिंग का कार्य प्रभावी रूप से किया गया है और आगे भी किया जाएगा।
  जिला पंचायत सीईओ हिमांशु चन्द्र द्वारा बताया गया कि
मनरेगा अंतर्गत पेयजल संबंधित, नदी पुर्नजीवन आदि कार्य जिनमें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा सकता है, वह आरंभ कर दिए गए हैं। इसके माध्यम से ज्यादा से ज्यादा मजदूरों को रोजगार प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास एवं एनआरएलएम से संबंधित कार्य भी शुरू कर दिए गए हैं।
सांसद श्री वीरेन्द्र कुमार खटीक द्वारा बैठक को संबोधित करते हुए कहा गया कि कोरोना वायरस को हराने के लिए हम सबको एकजुट होना पड़ेगा, जिसका उदाहरण आज इस बैठक में हम सब के द्वारा सामूहिक रूप से निर्णय लेकर दिया गया। उन्होंने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों एवं जिलेवासियों का कोरोना के संक्रमण को रोकने में दिए गए योगदान की प्रसंशा की। सांसद श्री खटीक द्वारा जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि वे जनता को जागरूक करने का हरसंभव प्रयास करें। इसी के साथ उन्होंने व्यापारी संघ के माध्यम से व्यापारियों को प्रेरित और कोरोना के प्रति और सतर्क रहने की हिदायत देने का अनुरोध किया। साथ ही शिक्षकों के माध्यम से छात्रों एवं उनके अभिभावकों को जागरूक करने के प्रयास की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि मास्क एवं सेनेटाईजर सहित अन्य जरूरी सावधानियों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाकर ही हम कोरोना मुक्त हो सकेंगे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा भी कई सुझाव एवं जनता से संबंधित दिक्कतों को समिति सदस्यों के द्वारा साझा करने पर कलेक्टर श्री सिंह द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों को उनके द्वारा की जा रही मेहनत और सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। बैठक में पूर्व राज्यमंत्री श्रीमती ललिता यादव, अपर कलेक्टर श्री प्रेम सिंह चौहान, एसडीएम प्रियांशी भंवर, विधायकगण श्री आलोक चतुर्वेदी, श्री राजेश शुक्ला, श्री नीरज दीक्षित एवं श्री प्रद्युम्न सिंह लोधी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।