नेटवर्क छतरपुर। वैश्विक महामारी कोविड-19 के संक्रमण काल में लॉकडाउन के कारण फंसे छतरपुर निवासी प्रवासी श्रमिक राज्य शासन के सहयोग से विशेष ट्रेन द्वारा जबलपुर रेलवे स्टेशन पहुंच रहे हैं। श्रमिकों को बस द्वारा जबलपुर से छतरपुर सुरक्षित वापस लाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पटवारी श्री रविन्द्र मिश्रा को वाहन प्रभारी नियुक्त किया गया है।
वाहन प्रभारी बस के ड्रायवरों से सम्पर्क कर 11 मई को सायं 05.00 बजे जबलपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होंगे तथा जबलपुर पहुंच कर वहां के नोडल अधिकारी के पास अपनी उपस्थिति देते हुए 12 मई को सुबह 12.00 बजे जबलपुर रेलवे स्टेशन से श्रमिकों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुये बस के द्वारा छतरपुर लायेंगे। तत्पश्चात सभी श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विजय पथोरिया द्वारा कराई जाएगी।
सभी श्रमिकों को 'सार्थक एप' में वांछित जानकारी उपलब्ध करानी होगी साथ ही 14 दिनों के लिए सभी श्रमिकों को अपने- अपने घर पर होम कोरंटाइन में रहना होगा। जो श्रमिक सार्थक एप में जानकारी उपलब्ध नही कराएँगे उन्हें छतरपुर जिला चिकित्सालय में 14 दिन कोरेंटाइन में रहना होगा। छतरपुर आने पर वाहन प्रभारी इसकी सूचना जिले के नोडल अधिकारी को तत्काल प्रदान करेंगे।