//दिलीप अग्रवाल//
बड़ामलहरा(छतरपुर)। घर के पिछवाड़े स्थित जानवरों के टपरा में छुपाकर रखी 2 लाख रुपए की देशी शराब बरामद की गई। बताया जाता है कि, दरम्यानी रात शराब दुकान व गोदाम से यह शराब चोरी हुई थी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने शुक्रवार को श्यामबिहारी चौबे निवासी दरगुवां थाना बड़ामलहरा की सूचना पर उनके घर के पीछे स्थित गाय भैस बांधने के टपरा से 64 पेटी देशी शराब बरामद की। सुबह वह घर के पिछवाड़े गए तो जानवरों के टपरा में शराब की पेटियां रखी थी। 100 डायल पर फोन लगाकर उन्होंने सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शराब जप्त कर ली। 56 पेटी सादा व 08 पेटी मसाला देशी शराब की कीमत 2 लाख रुपए बताई गई। बताया जाता है कि, 4-5 जून की मध्य रात्रि शराब दुकान व पास में स्थित गोदाम का ताला तोड़कर चोरी हुई थी। घटना की रात सेल्समेन दशरथ पिता बिहारी लाल राय (26) हाल निवासी दरगुवां अन्य साथियों के साथ दुकान के पास स्थित कमरे में सो रहा था और उन्हें घटना की भनक नहीं लगी। सेल्समेन की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 457, 380 आईपीसी का मामला पंजीबद्ध किया गया।