//जसवंत सिंह यादव//
बिजावर(छतरपुर)। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री शीलेन्द्र सिंह द्वारा कोविड-19 की व्यवस्थाओं के संबंध में आज बिजावर तहसील में अनुभाग स्तरीय समीक्षा बैठक आहूत की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने समस्त विभागों से चर्चा उपरान्त कोविड-19 के संक्रमण से बचाव एवं राहत की कार्य योजना तथा व्यवस्थाओं के सुधार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल से कोविड-19 के डिस्चार्ज होने वाले मरीजों को स्ट्रिक्ट आइसोलेशन मे रखा जाये साथ ही डिस्चार्ज हुए मरीज़ों की उचित देखरेख हेतु निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला अस्पताल से डिस्चार्ज हुए मरीजों का गाईड लाइन अनुसार एवं जिला अस्पताल से संपर्क स्थापित कर बेहतर उपचार किये जाने बावत् स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया। तहसील क्षेत्रांतर्गत अब तक कोविड-19 पॉजिटिव पाये गये मरीजों की फर्स्ट एण्ड सेकेन्ड कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग करने तथा चिन्हित व्यक्तियों की परिवार सहित सतत निगरानी रखने एवं कोई लक्षण प्रदर्शित होने पर सेम्पल लिये जाने हेतु राजस्व विभाग/स्वास्थ्य विभाग/पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया।
इसी के साथ ग्रामों एवं नगर में किसी व्यक्ति के बिना मास्क के पाये जाने पर उसके विरूद्ध चालानी कार्यवाही एवं मास्क उपयोग करने का सख्ती से पालन करवाने हेतु पुलिस विभाग को, प्रत्येक ग्राम में प्रवेश एवं निर्गम पर बैरियर स्थापित करने, बाहरी एवं प्रवासी व्यक्तियों के आवागमन की तस्दीक करने सूचनाओं के संकलन विश्लेषण एंव संप्रेषण हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बिजावर को, मनरेगा में प्रवासी श्रमिकों का कार्य दिवसों में बेहतर नियोजन हेतु जनपद सी0ई0ओ को, कंटेनमेंट एरिया पनागर एवं राजपुरा में कोविड-19 पॉजिटिव मरीज पाये जाने की तिथि से सतत् स्वास्थ्य सर्वे कराया जाये इस बावत् स्वास्थ्य विभाग को, नगर रक्षा समिति ग्राम रक्षा समिति, एवं निगरानी समिति को अधिक सक्रियता से कार्य करने एंव इनके द्वारा जागरूकता हेतु सतत् प्रचार-प्रसार करवाने हेतु राजस्व विभाग, पंचायत विभाग एवं पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने बताया की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका से अधिक जिम्मेदारी से उत्तरदायित्व का निर्वहन साथ ही आशा कार्यकर्ता, एएनएम. एवं एमपीडब्ल्यू से जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी तरीके से कार्य करवाने की आवश्यकता हैं। समीक्षा बैठक में एसडीएम , एसडीओपी, तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत, स्थानीय समस्त चिकित्सक एवं सीडीपीओ बिजावर उपस्थित रहे जिन्हे उपरोक्त निर्देशों के कियान्वयन के आज्ञापक निर्देश दिये गये।