नेटवर्क छतरपुर। छतरपुर जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए गठित जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समूह की बैठक कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री सिंह द्वारा समिति के सदस्यों से कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम हेतु एवं अन्य प्रदेशों से वापस लौटकर आए प्रवासी मजदूरों को उचित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के संदर्भ में चर्चा की गई। कलेक्टर ने समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना का खतरा अभी भी जिले से समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए जरुरी है की मास्क एवं सेनेटाईजर का प्रयोग कर सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का अनिवार्य रुप से पालन किया जाए। दुकान संचालकों द्वारा मास्क का प्रयोग नहीं किए जाने और राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन करने की स्थिति में संबंधित के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने सभी सदस्यों को अवगत कराया कि जिले में कंटेनमेंट एरिया के बाहर स्थित मैरिज हॉल के संचालन पर किसी तरह का प्रतिबंध नही लगाया गया है। समस्त मैरिज हॉल के संचालकों को राज्य शासन द्वारा जारी की गई गाइड लाइन का पालन करना आवश्यक है, जिसके तहत किसी भी शादी समारोह में 50 से अधिक लोग एकत्रित नहीं हो सकते हैं।
कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने बैठक में उपस्थित सदस्यों को राज्य शासन द्वारा 1 जुलाई से चलाए जाने वाले किल कोरोना अभियान के बारे में अवगत कराया। उन्होंने सदस्यों को बताया कि इस अभियान में जनप्रतिनिधियों को भी शामिल रहते हुए कोरोना महामारी को जड़ से खत्म करने हेतु जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करना है। जिसके लिए जन प्रतिनिधियों द्वारा अपने कार्यकर्ताओं को किल कोरोना अभियान अंतर्गत गठित किए जाने वाले दलों में सम्मिलित करना है। इच्छुक कार्यकर्ता अपने आवेदन संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को दे सकते हैं। इसी के साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा आरंभ की गई गरीब कल्याण रोजगार योजना के अंतर्गत भी जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं समन्वय से प्रशासन सभी जरुरतमंद लोगों एवं मजदूरों तक पहुंचकर उन्हें रोजगार उपलब्ध करा सकेगा।
बैठक में नवागत पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने छतरपुर प्रशासन द्वारा कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए किए गए प्रयासों एवं व्यवस्थाओं की प्रशंसा की और छतरपुर मॉडल की सफलता बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग के हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
● खुल सकेंगी गुटखा, तम्बाकू की दुकानें।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह द्वारा सदस्यों से चर्चा उपरान्त निर्णय लिया गया कि जिले में गुटखा, तम्बाकू आदि की दुकानें अब खोली जा सकेंगी। परन्तु सार्वजनिक स्थलों पर गुटखा, तम्बाकू आदि का सेवन एवं सार्वजनिक स्थलों पर थूकना प्रतिबंधित रहेगा।बैठक में पूर्व राज्य मंत्री श्रीमती ललिता यादव सहित एडीएम श्री प्रेम सिंह चौहान, एसडीएम श्री बी.बी गंगेले, सांसद प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे