Translate

सोमवार, 14 सितंबर 2020

छतरपुर। महाराजा कॉलेज में स्नातक अंतिम वर्ष की ओपन बुक एग्जाम की कॉपियां 16 सितम्बर तक होंगी जमा...कोविड की सख्ती के बीच सोमवार को जमा हुई 1450 परीक्षार्थियों की उत्तरपुस्तिकायें।


//मदन साहू//

नेटवर्क छतरपुर। स्वशासी महाराजा कॉलेज, छतरपुर में अध्ययनरत      तीनों संकायों विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय की स्नातक अंतिम वर्ष के नियमित छात्र छात्राओं की ओपन बुक परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के संग्रहण की पूरी तैयारियां  कर ली गई है। इसके साथ ही बी ए, बी कॉम एवं बी एस सी की समस्त एटीकेटी तथा प्रथम व द्वितीय वर्ष  की समस्त पूरक की उत्तर पुस्तिकाएं जमा की जाएंगी।अपनी  उत्तरपुस्तिकाएं जमा करने आने वाले सभी छात्र -छात्राओं को कोविड से बचाव हेतु सभी नियमों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा। कोरोना महामारी को देखते हुए अनावश्यक भीड़ कॉलेज में एकत्रित न हो, इस हेतु नियमित विद्यार्थियों के अतिरिक्त अन्य व्यक्तियों का कॉलेज में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।  

            मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ.सुमति प्रकाश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्रों की सुविधा की दृष्टि से प्राचार्य डॉ. डी. पी. शुक्ला ने उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए कॉलेज परिसर में 12 संग्रहण काउंटर की स्थापना करते हुए, विभिन्न समितियों को कॉपियां संकलन का दायित्व सौंपा है। छात्रों की सुविधा हेतु प्रत्येक काउंटर पर कक्षा तथा अनुक्रमांक का भी उल्लेख किया गया है। कॉलेज परिसर में छात्रों को उनके संग्रहण काउंटर आदि की जानकारी देने सहित अन्य  सहायता के लिए प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों की टीम मौजूद रहेगी।

         प्राचार्य डा. डी. पी. शुक्ला द्वारा छात्रों को निर्देशित किया गया है कि वे चिंहित काउन्टर पर ही अपनी उत्तर पुस्तिकाएं जमा करेंगे।प्रत्येक प्रश्नपत्र की उत्तरपुस्तिका के ऊपर महाराजा कॉलेज की साइट से डाउनलोड किया हुआ मुख्य कवरपेज परिशिष्ट ए तथा प्रवेश पत्र की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य है। सभी विषयों की उत्तरपुस्तिकाएं व्यवस्थित ढंग से इकट्ठी जमा करने के बाद छात्र पावती अवश्य प्राप्त करेंगे।

•  सोमवार को 1450 परीक्षार्थियों ने जमा की उत्तरपुस्तिकाएं।

 उच्च शिक्षा विभाग मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार ओपन बुक प्रणाली से आयोजित परीक्षा के उपरांत महाविद्यालय में उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रहण का कार्य किया गया । इस कार्य को कोविड-19 से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शासन  द्वारा जारी गाइडलाइन्स का पालन कर प्राचार्य डॉ डी पी शुक्ल द्वारा 17 संग्रहण केंद्र बनाये गए थे। जिन पर 1450 स्वाध्याई/ नियमित विद्यार्थियों द्वारा अपनी उत्तरपुस्तिकाएं जमा की गईं। प्रति काउंटर प्रति घंटे 12 विद्यार्थियों की दर से औसतन 85 विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दी । उत्तरपुस्तिकाओं के संग्रहण कार्य को महाविद्यालय के स्टॉफ ने पूरे मनोयोग से सफलतापूर्वक  सम्पन्न कराया।कोविड के बीच इस अत्यधिक जटिल कार्य को सभी स्टाफ के सहयोग से व्यवस्थित रूप प्रदान किया गया।वहीं महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों ने आगामी दायित्यों को भी प्राचार्य जी के नेतृत्व में मिल जुलकर बेहतर से बेहतर करने का प्रयास करने का विश्वास दिलाया।