बक्सवाहा(छतरपुर)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं जबलपुर सांसद राकेश सिंह आज बड़ा मलहरा विधानसभा क्षेत्र के बक्सवाहा मंडल में सम्मेलनों को संबोधित करने मुख्य अतिथि के रूप में जिले के दौरे पर आए।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं उनके काफिले का स्वागत सर्व प्रथम उमरझिरिया स्थान पर युवा मोर्चा द्वारा किया गया इसके बाद युवा मोर्चा मंडल प्रभारी कपिल तिवारी एवं बाइक रैली प्रभारी राजा तिवारी के नेतत्व में भारी संख्या में बाइक रैली के साथ पूरे काफिले को बकस्वाहा में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया गया।
जैसा कि सभी को विदित है भारतीय जनता पार्टी के द्वारा 28 विधानसभा क्षेत्रों में जहां पर उप चुनाव होने वाले हैं प्रत्येक मंडल में सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। उसी तारतम्य में आज विधानसभा क्षेत्र बड़ा मलहरा के बक्सवाहा मंडल में सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उनके नेता भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हैं कि उन्होंने एक चुनी हुई सरकार को गिरा दिया जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस की सरकार स्वयं के अंतर्कलह ,नेताओं के घमंड और गरीब किसानों व युवाओं की बद्दुआ ओं के चलते गिरी।
विधानसभा चुनाव मे विधानसभा क्षेत्र से प्रदुमन लोधी चुनाव नहीं लड़ रहे हैं बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता यहां से प्रत्याशी है। और भविष्य में यदि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जाएगी तो मै उन कार्यकर्ताओं की लड़ाई लड़ने के लिए हमेशा तत्पर रहूंगा। कांग्रेस पार्टी द्वारा विधानसभा चुनाव के पूर्व बड़े-बड़े वादे किए गए थे, परंतु उनमें से एक भी वादे को उन्होंने पूरा नहीं किया, ऋण माफी के चलते किसान डिफाल्टर हो गया ,युवाओं को ना रोजगार मिला और ना ही बेरोजगारी भत्ता, महिलाओं के साथ लगातार अन्याय और अत्याचार किया गया, प्रदेश में ट्रांसफर उद्योग बड़े पैमाने पर चलाया गया जिससे कांग्रेसी नेताओं ने अपने घर भरने का काम किया। गरीबों के लिए चलाई जा रही संबल जैसी योजनाओं को बंद करने का काम किया गया। 15 माह की कमलनाथ सरकार के शासन में केवल भू माफिया, खनन माफिया, शराब माफिया आदि का ही बोलबाला रहा। कांग्रेस पार्टी केवल किसानों की हितैषी होने का दिखावा करती रही, सही मायनों में हमारी भारतीय जनता पार्टी की राज्य एवं केंद्र की सरकारों ने ही किसानों के हित में काम किया। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किसान सम्मान निधि के रूप में ₹6000 प्रति वर्ष किसानों को दिए जाते थे उसी में इजाफा करते हुए अब हमारी प्रदेश की राज्य सरकार द्वारा भी ₹4000 अतिरिक्त दिए जाएंगे। कृषि भूमि सुधार बिल के कारण किसान अब बिना दलालों और बिचौलियों की मदद से अपनी फसल कहीं पर भी बेच सकता है परंतु इस पर भी विपक्ष दलालों और बिचौलियों की लड़ाई लड़ रहा है। हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बड़ा मलहरा विधानसभा क्षेत्र के लिए काठन जैसी बड़ी सिंचाई परियोजना को मंजूरी देकर किसानों के हित में अपनी मंशा स्पष्ट जाहिर की है। मंडल सम्मेलनों को मध्य प्रदेश शासन के मंत्री गोपाल भार्गव प्रदेश पूर्व मंत्री ललिता यादव एवं भाजपा प्रत्याशी प्रदुमन सिंह लोधी आदि ने भी संबोधित किया। सभी ने एकजुटता के साथ कार्य करते हुए भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की। इसके अलावा चंदला विधायक राजेश प्रजापति, पवई विधायक प्रहलाद लोधी, पूर्व विधायक गुड्डन पाठक जिला महामंत्री जय राम चतुर्वेदी अरविंद पटेरिया, नगर पालिका छतरपुर की पूर्व अध्यक्ष अर्चना सिंह, कॉपरेटिव बैंक के अध्यक्ष क़रुणेंद्र प्रताप सिंह, विस्तारक संजीत सरकार,बकस्वाहा के पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष देवकी नंदन गंधर्व सहित पार्टी के समस्त मोर्चा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी साथ ही मंडल अध्यक्ष एवं सेक्टर प्रभारी आदि भी विशेष रूप से मौजूद रहे।


