एजेंसी नई दिल्ली। दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र समेत पांच हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान के लिए चुना गया है। इस साल कुल 131 हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें से 13 पद्म भूषण और 113 लोगों को पद्म श्री सम्मान दिया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से जारी लिस्ट में खेल जगत से 9 लोगों को चुना गया है। कुल 44 लोगों को कला के क्षेत्र में उतकृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए 13 लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
5 हस्तियों को मिला पद्म विभूषण
सरकार ने 5 हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान से नवाजा है। इनमें कला के क्षेत्र में दिवगंत अभिनेता धर्मेंद्र, केरल के केटी थॉमस (सार्वजनिक मामलों), सुश्री एन राजम (कला, उत्तर प्रदेश), पी नारायणन (साहित्य और शिक्षा) और वीएस अच्यूतानंदन (मरणोपरांत, सार्वजनिक मामलों) का नाम शामिल हैं। पद्म विभूषण पाने वाले 5 में से 3 लोग केरल से हैं, जबकि एक का संबंध महाराष्ट्र और एक का उत्तर प्रदेश से है।
पद्म भूषण से सम्मानित शख्सियतों को जानिए
पद्म भूषण पाने वालों में गायक अलका याग्निक (कला), कल्लीपट्टी रामासामी पलानीस्वामी (चिकित्सा), ममूट्टी (कला), डॉक्टर नोरी दत्तात्रेयुदू (चिकित्सा), पीयूष पांडे (मरणोपरांत, कला), एसकेएम मेइलानंदन (सामाजिक कार्य), शतावधनी गणेश (कला), शिबू सोरेन (मरणोपरांत, सार्वजनिक मामले), उदय कोटक (व्यापार और उद्योग), वीके मल्होत्रा (मरणोपरांत, सामाजिक मामले), वेल्लापल्ली नाटेसन (सार्वजनिक मामले) और विजय अमृतराज (खेल) के नाम शामिल हैं। इनमें से 3 महाराष्ट्र, 2-2 तमिलनाडु, अमेरिका और केरल और एक-एक उत्तराखंड, कर्नाटक झारखंड और दिल्ली से हैं।