//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
भगवाँ(छतरपुर)। शासकीय उचित मूल्य दुकान के बार बार चक्कर लगाने के बाद भी राशन पर्ची धारकों की ई-केवायसी नहीं हो पा रही जिससे ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण बताते है कि, सुबह से लेकर शाम तक इंतजार किया फिर भी काम नहीं किया जा रहा है शासन के निर्देशानुसार राशन पर्ची धारकों की ई-केवायसी की जाना है परंतु जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहें है जिससे यह काम समयसीमा मे नही हो पा रहा है।
मप्र खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अतर्गत समस्त पात्र हितग्राहियों को ई-केवायसी मे आधार नंबर लिंक कराना आवश्यक है ऐसा न कराने पर खाद्यान्ह सुविधा बंद हो सकती है। जानकारी के अनुसार पात्र हितग्राहियों के आधार नंबर उनके डाटाबेस में दर्ज किए जाना है। जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा इस कार्य मे रुची नही ली जा रही जिससे केवायसी का काम समयसीमा में पूर्ण नहीं हो पा रहा है। बडामलहरा अनुविभाग की कई शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर तालाबंदी रहती है या फिर दुकानों पर कर्मचारी ही उपस्थित नही रहते जिससे हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड रहा है। ऐसा ही हाल सेवा सहकारी समिति भगवां अंतर्गत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान मडीखेरा का है जहाँ पर ई केवायसी के लिए हितग्राही परेशान है। गोरेलाल अहिरवार निवासी ग्राम मडीखेरा ने बताते है कि, दुकान पर कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं रहता बिक्रेता भी रोज उपस्थित नही रहता जिससे राशन पर्ची धारकों को परेशान होना पडता है। सुकनबाई अहिरवार बताती हैं कि, 12 बजे वह शासकीय दुकान पर ई-केवायसी के लिए आई थी शाम 4 बजे तक इंतजार करनें के वावजूद भी ई-केवायसी नही हुई जिससे वह परेशान है। बिक्रेता शंकरदयाल पांडेय कहते है कि, तबियत खराब होनें की वजह से वह ड्यूटी पर नही गये। वह बताते है कि, शासकीय उचित मूल्य दुकान मडीखेरा में 423 राशन पर्ची धारक दर्ज हैं। पिछले 2 माह से ई-केवायसी कार्य चल रहा है अब तक 70 प्रतिशत काम हो चुका है।