डीजे वाला किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा और सीधे थाने पहुंचा, जहां उसने पूरी घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
नेटवर्क जबलपुर। सिहोरा थानाक्षेत्र के बघेली-मुरैठ के बीच में डीजे बजाने जा रहे युवक को बदमाशों ने रास्ते में ही लूट लिया। कटनी के पौनिया गांव में रहने वाले राहुल चक्रवर्ती ने बताया कि कुछ दिनो पूर्व उसके पास किसी अननोन नंबर से कॉल आया। कॉलर ने कहा कि उसे मुरैठ से बघेली जाने वाले रास्ते पर चौक समारोह में डीजे बजवाना है। दोनों के बीच में बात तय हुई और फिर कॉलर ने राहुल के अकाउंट में 19 हजार रुपए भी डाल दिए। राहुल अपने साथियों के साथ कल शाम को काम करने के लिए निकल गया लेकिन जैसे ही मुरैठ वाली रोड से अंदर हुआ, उसकी गाड़ी को कुछ लोगों ने घेरकर हमला कर दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, सभी ने मिलकर उसे पीटा और चाकू से हमला कर उसका साउंड सिस्टम और पिकअप लूट लिया। लुटेरों ने राहुल और उसके साथियों को दोबारा क्षेत्र में दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी। राहुल को शंका है कि जिन लोगों ने उसे डीजे बजाने के लिए बुलाया था, संभवत वारदात के पीछे उन्हीं का हाथ है।