सरकारी दस्तावेज कचरे में फेंक दिये।
गढीमलहरा(छतरपुर)। व्यक्ति का मुख्य पहचान तथा सरकारी लाभ लेने के लिए आधार कार्ड को अनिवार्य दस्तावेज के रूप में माना जा रहा है।
लेकिन यही दस्तावेज कचरे के ढेर में मिलें तो बात चौंकने की है।
रविवार की शाम नगर गढीमलहरा में उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया जब डाक घर के बगल में सैकड़ों की संख्या में सरकारी दस्तावेज पड़े मिले।
खबर मिलने पर मौके पर पुलिस के अलावा प्रशासनिक अधिकारी भी आ गए थे। यह पूरा मामला प्रथम दृष्टया पोस्ट ऑफिस की लापरवाही का माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक स्थानीय पोस्ट ऑफिस के बगल में रविवार की शाम सैकड़ों की संख्या में आधार कार्ड,दिव्यांग कार्ड तथा पैन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज कचरे के ढेर में पड़े थे।
लोगों ने जैसे ही इन दस्तावेजों के बारे में देखा वैसे ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी। महत्वपूर्ण दस्तावेजों के कचरे के ढेर में पड़े होने की खबर लगते ही लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया।
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने कहा कि वे इसकी जांच कराते हैं कि दस्तावेज यहां कैसे पहुंचे।
सूत्र बताते हैं कि डाक घर में पदस्थ एक पोस्टमैन द्वारा इस तरह की लापरवाही की जा रही है।
वहां पर सिर्फ वही दस्तावेज लोगों तक पहुंचाता है जिससे उसे पैसे मिलने की आस होती है। पिछले कई वर्षों से डाक घर में आने वाले इन महत्वपूर्ण दस्तावेजों को उसके द्वारा संबंधित व्यक्ति तक नहीं पहुंचाया गया।