मप्र सरकार की पहल गरीब तबके तक पहुँचे समूची योजना का लाभ।
निरामयम योजना अन्तर्गत शिविर में 70 मरीजों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण।
//नरेंद्र अहिरवार//
ब्यूरो दमोह। निरामयम दिवस के मौके पर जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर जबेरा विधायक धर्मेन्द्र सिंह लोधी, नगरपालिका अध्यक्ष मालती असाटी, सासंद प्रतिनिधि आलोक गोस्वामी की गरिमामयी उपस्थिति में आज आयोजित किया गया।कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जबेरा विधायक धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा आयुष्मान भारत योजना में गरीब व्यक्ति की स्वास्थ्य चिंता को ध्यान में रखते हुये योजना की शुरूआत प्रधानमंत्री जी द्वारा गत वर्ष २३ सितंबर को की गई थी। योजना का लाभ व्यवस्थित रूप से गरीब व्यक्ति को मिल सके इसका पूरा ख्याल रखा गया है। पात्रता रखने वाले हितग्राहियों से आयुष्मान कार्ड बनवाने पर जोर दिया ।
उन्होंने कहा कार्ड बनवाने में लाभार्थियों की सुविधा का ध्यान रखा जाये। शिविर दौरान योजना के एक वर्ष पूर्ण होने पर जिला चिकित्सालय से आयुष्मान भारत निरामयम मध्यप्रदेश के तहत लाभान्वित हुये, हितग्राहियों को सम्मानित भी किया गया।
शिविर दौरान 70 मरीजों का पंजीयन कर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें से आयुष्मान भारत निरामयम के 56 हितग्राही भी शामिल हैं। शिविर में बांझपन, बच्चेदानी से जुडी समस्या के 15 मरीज, हृदय से जुडी समस्या वाले 22 श्रवण विकार से संबधित 05 तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत दिल की बीमारी से परेशान 09 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में बांझपन एवं बच्चेदानी की गांठ से जुडी समस्याओं हेतु आयुष्मान भारत योजना के तहत चिंहित प्राईवेट अस्पताल भोपाल टेस्टटयूब बेबी के स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा अपनी सेवायें दी गई। हृदय एवं हड्डी से संबंधित समस्याओं के लिये सिद्धांता रेडक्रास हॉस्पिटल भोपाल व मार्बल सिटी हॉस्पिटल जबलपुर तथा श्रवण जांच हेतु वर्धमान हॉस्पिटल भोपाल से पहुंचे विशेषज्ञों ने अपनी सेवायें दी।
निरामयम योजना से लाभान्वित हितग्राहियों को किया गया सम्मानित।
शिविर दौरान आयुष्मान भारत मध्यप्रदेश निरामयम के तहत हाईड्रोसिल की समस्या से निजात पाने वाले गोकल अहिरवाल, सरमन अहिरवाल, त्वचा विकार से पीडित दीनदयाल अहिरवाल, हृदय से जुडी बीमारी से उबरे आजम खान, बलराम काछी, को मंच से सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री बाल श्रवण योजना के तहत 6.5 लाख की शासकीय सहायता से कोकलियर इम्प्लान्ट से बहरेपन की समस्या से निजात पाने वाले ग्राम रोडा विकासखण्ड पटेरा के 4 वर्षीय बालक शिवा विश्वकर्मा को भी सम्मानित किया गया। बच्चे ने मंच से ही न केवल अपना नाम बल्कि अपने परिजनों का नाम बोलकर बताया और एबीसीडी भी सुनाई।
शिविर दौरान मंचासीन नगर पालिका अध्यक्ष मालती असाटी ने कहा जिला अस्पताल में जो लोग कार्ड बनवाने आते हैं। उन्हें कार्ड बनवाने की प्रक्रिया के बारे में बताया जाये। परामर्श भी दिया जाये कि, योजना के तहत सर्जरी, इलाज कैसे नि:शुल्क प्राप्त की जा सकती हैं। उन्होने सेहत के लिये वृक्षारोपण करने पर जोर दिया साथ ही कहा कि, अपने घर के साथ ही आस-पास के परिवेश की स्वच्छता पर ध्यान दिया जाये ताकि, मच्छरों से बचाव भी किया जा सके।
सांसद प्रतिनिधि आलोक गोस्वामी ने कहा आयुष्मान योजना के लागू हुये एक साल हो चुके हैं। सभी को सुविधाजनक रूप से लाभ प्राप्त हो, स्वास्थ्य सेवा अच्छी मिले इसका ध्यान रखा जाये।
कार्यक्रम दौरान नोडल अधिकारी डॉ दिवाकर पटैल ने आयुष्मान भारत मध्यप्रदेश निरामयम योजना की विशेषता बताते कहा कि आयुष्मान भारत निरामयम मध्यप्रदेश पूर्णत: पेपर लेस है । इसमें पात्रता रखने वाले हितग्राही अपना आधार कार्ड, समग्र आईडी, फोटो दिखाकर कॉमन सर्विस सेन्टर से आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। सुविधा जिला चिकित्सालय में भी नि:शुल्क उपलब्ध है। हितग्राही जरूरत पडने पर कार्ड दिखाकर अपनी सुविधा अनुसार अस्पताल में पहुंचकर वर्ष में प्रति परिवार 5 लाख रूपये तक नि:शुल्क स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गिरीश मिश्रा, प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तुलसा ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. ममता तिमोरी, डॉ. राकेश राय, आयुष्मान नोडल अधिकारी डॉ. दिवाकर पटैल व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारी भी मौजूद रहे।

