अन्याय के खिलाफ हमेशा खड़ा रहूंगा:पज्जन चतुर्वेदी
ब्यूरो छतरपुर। मेला हमारी संस्कृति के आदान-प्रदान का अच्छा माध्यम होता है,मेले में दूर-दूर से लोगों का आना होता है जो अपने साथ अपने क्षेत्र की संस्कृति को भी लेकर आते है, जिसको जो अच्छा लगता है वह उसे अपनाता भी है। मां अन्नपूर्णा की कृपा एवं आप सबके आर्शीवाद से हम विधायक के रूप में जनसेवक बने हैं। मैं न्याय का साथ देते हुए,अन्याय के खिलाफ हमेशा खड़ा रहूंगा। उक्त उद्गार क्षेत्रीय विधायक आलोक चतुर्वेदी उर्फ पज्जन ने मां अन्नपूर्णा मेला जलबिहार महोत्सव की सातवीं शाम मंच से व्यक्त किये। इसके पूर्व वह महाआरती में भी शामिल हुये। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार हरि अग्रवाल,सुरेन्द्र अग्रवाल,पप्पू चौरसिया,हृदेयश परमार,रंजीत सिंह,सत्येन्द्र सिंह मंचासीन रहे।
मेला जलबिहार महोत्सव के महासचिव दिलीप सेन ने बताया कि महोत्सव की सातवीं शाम मां अन्नपूर्णा मंदिर एवं प्रांगण को फूलों से सजाया गया तथा 56 भोज का महाप्रसाद लगाया गया तथा मंच से मंचीय कार्यक्रम प्रारंभ जिसमें जवाबी कीर्तन का शानदार मुकाबला दादा रतीराम हरदोई एवं क्रांतिमाला कानपुर के बीच हुआ।
कार्यक्रम को सम्बोद्धित करते हुए विधायक आलोक चतुर्वेदी ने कहा कि मेला जलबिहार समिति का प्रयास सराहनीय है मैंने पिछले बार इसी मंच से कहा कि मेले के लिए धन तो कहीं से भी आ सकता है, जरूरत है तन और मन की, मेले की भव्यता और भारी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय को देखकर लगता है कि अब मेले के साथ लोग तन और मन से भी जुड़ रहे हैं। मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत है,जिसे को सहेजने की जिम्मेदारी सभी की है। उन्होंने बताया कि मेले के उद्धार के लिए म.प्र. शासन के धार्मिक मंत्रालय में मेला समिति की फाईल लगाकर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। श्री चतुर्वेदी ने मेला जलबिहार समिति को हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी एक लाख रूपये की नगद राशि प्रदान की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार हरि प्रकाश अग्रवाल ने कहा 10 दिवस तक मेले का संचालन करना बहुत कठिन काम है, लेकिन व्यापारियों व समाजसेवियों के सहयोग से यह मेला अब दिन प्रतिदिन प्रगति की ओर अग्रसर है।
कल दिनांक 18 सितम्बर को मंच के माध्यम से पं.देशराज पटैरिया एण्ड पार्टी के द्वारा रंगारंग लोकगीतों की प्रस्तुति दी जायेगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू भैया शामिल होंगे। महोत्सव की आखरी शाम 19 सितम्बर को स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।