सेल्फी विथ गणेशा प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरित।
● विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ साथ वरिष्ठ पत्रकारों एवं प्रतिभागियों की रही मौजूदगी।
//नरेंद्र अहिरवार//
नेटवर्क दमोह। समय बीतता जा रहा है और यादें बढ़ती जा रही हैं, इसलिए इसी प्रकार के आयोजन होते रहे जिससे कि राजुल की यादें हमेशा बनी रहे और यही उसके लिए सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय टंडन द्वारा बुंदेलखंड नव निर्माण संगठन एवं युवा जन कल्याण समिति के तत्वाधान में स्थानीय मानस भवन के प्रांगण में स्वर्गीय राजुल सुमित गौतम की स्मृति में आयोजित सेल्फी विद गणेश व देवी जी की प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में व्यक्त करते हुए कही।उन्होंने कहा कि ईश्वर को जो मंजूर होता है वही होता है उसकी इच्छा शक्ति के आगे किसी की नहीं चलती आज राजुल हमारे बीच में नहीं है लेकिन हमें इस प्रकार के आयोजन से उसकी यादों को बनाए रखना ही सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष गौरव पटेल ने कहा कि समाज में अनेक प्रकार के आयोजन होते हैं लेकिन इस प्रकार के अनूठे आयोजन कर जो लोगों को प्रोत्साहन इस आयोजन के माध्यम से दिया गया है वह सराहनीय है।वहीं कार्यक्रम में उपस्थित जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष कमलेश भारद्वाज जनपद पंचायत हटा के अध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप राय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संगठन के संरक्षक वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र दुबे ने कहा कि सेल्फी लेना सामान्य बात नहीं है जिस प्रकार से फोटो कला बन जाती है उसी प्रकार आज के दौर में सेल्फी लेना भी एक फोटोग्राफी का ही हिस्सा है। अलग.अलग क्षमताओं में लोगों की विशेषताएं होती हैं फोटोग्राफी भी एक विशेषता है और उसमें से इस प्रकार इस कला को प्रोत्साहित करना ही संगठन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इस अवसर पर विशेष रूप से सिविल वार्ड 8 पार्षद प्रतिनिधि अमर सिंह राजपूत भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम प्रारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती जी एवं गणेश जी के चित्र के समीप दीप प्रज्वलन कर स्वर्गीय राजुल के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत समिति के पदाधिकारियों द्वारा किया गया।

