दुकानदार की धारदार हथियार से नृशंस हत्या।
● हत्यारों ने जबड़ा तोड़कर निकाले दांत और फोड़ दी आंखे।
जानकारी के अनुसार लवकुशनगर अनुभाग के ग्राम सरवई में महियाबा रोड पर 56 वर्षीय कामता प्रसाद गुप्ता की सीमेंट की दुकान है। वे घर के बाहर बने टप्पर के नीचे सो रहे थे तभी अज्ञात हत्यारों ने मौके पर पहुंचकर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिस तरीके से उनकी हत्या की गई उससे साफ है कि हत्यारों की उनसे गहरी रंजिश रही होगी।
हत्यारों ने उनकी गर्दन पर वार किया, उनका जबड़ा तोड़कर दांत निकाल लिए और आंखे तक निकाल ली। परिवार के लोगों को जैसे ही इस बात की जानकारी हुई वे तत्काल गंभीर हालत में श्री गुप्ता को नजदीक स्थित उत्तरप्रदेश के बांदा अस्पताल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस बीच इस नृशंस हत्याकाण्ड की जानकारी मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सरवई थाना प्रभारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का बारीकी से मौका-मुआयना किया। इस बीच जानकारी मिलते ही लवकुशनगर एसडीओपी केसी पाली भी सरवई पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना के बारे में जानकारी लेकर सरवई थाना पुलिस को अज्ञात हत्यारों की तलाश के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बांदा में पोस्टमार्टम के बाद शव को सरवई लाया गया। जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इलाके में इस मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस भी अभी तक हत्या के पीछे की वजह नहीं समझ पाई है। समझा जाता है कि हत्यारों की कामता प्रसाद गुप्ता से कोई गहरी रंजिश रही होगी। तभी उन्होंने वीभत्स तरीके से इस हत्याकाण्ड को अंजाम दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
