Translate

सोमवार, 18 मई 2020

छतरपुर। कलेक्टर ने सभी SDM की ली बैठक...स्व-सहायता समूह के माध्यम महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर दिया बल...पीसीपीएनडीटी की बैठक में भी दिए निर्देश।



नेटवर्क छतरपुर।  कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में समस्त अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम से उनके अनुविभागों में अन्य राज्यों से आए हुए मजदूर, होम क्वॉरेंटाइन किए गए व्यक्तियों की संख्या एवं मनरेगा अंतर्गत क्रियान्वित हो रहे कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह सभी मनरेगा अंतर्गत ज्यादा से ज्यादा प्रवासी मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराएं। मनरेगा की तहत चल रहे कार्यों में भी विभिन्नता लाने का प्रयास करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि 26 मई तक समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य सम्पन्न करा दिया जाए। इसी के साथ सभी अधिकारी नियमित रूप से खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करें। क्योंकि कुछ खरीदी केन्द्रों में पुराना नॉन एफएक्यू गेहूं विक्रय करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी अनुविभागों में बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को रेडी-टू-ईट फूड शत-प्रतिशत वितरित कराए जाएं।

●  स्व-सहायता समूह के माध्यम से बनाए महिलाओं को आत्मनिर्भर।

कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने बैठक के दौरान निर्देश दिए कि एनआरएलएम एवं एनयूएलएम अंतर्गत गठित किए गए स्व-सहायता समूहों को सक्रिय किया जाए। समूह अंतर्गत कार्य कर रहीं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु आजीविका केन्द्रों के माध्यम से विभिन्न उत्पाद जैसे टेराकोटा, हैण्डलूम, अगरबत्ती, साबुन, सेनेट्ररी नैपकिन आदि का निर्माण कर विक्रय कराया जाए। कलेक्टर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह सभी अपने-अपने अनुविभाग में कोविड केयर सेंटर निर्माण हेतु भवन चिन्हित करने एवं बीएमओ से चर्चा कर कोविड केयर सेंटर पर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर कार्ययोजना तैयार करें। ताकि कोरोना पॉजीटिव मरीज पाए जाने की स्थिति में हम सभी पूर्ण रूप से तैयार हों।

●  पीसीपीएनडीटी की बैठक में दिए निर्देश।

कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने पीसीपीएनडीटी समिति की बैठक लेकर सीएमएचओ डा. विजय पथौरिया को निर्देशित किया कि वह समिति के सदस्यों के साथ जिले अंतर्गत सभी सोनोग्राफी सेंटर का निरीक्षण करें। इसी के साथ सभी अनुविभागीय अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत स्थित सोनोग्राफी सेंटर की जांच करेंगे। पीसीपीएनडीटी समिति के नोडल अधिकारी के रूप में डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल सिलाडिया को नियुक्त करने के संबंध में निर्देशित किया गया।