Translate

रविवार, 12 जुलाई 2020

छतरपुर। शहर में 14 जुलाई तक जारी रहेगा लॉकडाउन....आपदा प्रबंधन समिति की बैठक हुई सम्पन्न।


 
नेटवर्क छतरपुर। छतरपुर जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए गठित जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समूह की बैठक कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने समिति के सदस्यों से कहा कि पिछले कुछ दिनों में छतरपुर शहर में कोरोना वायरस से संक्रमित प्रकरणों में बढ़ोत्तरी हुई है। अधिकतम संक्रमित मरीजों की कोई ट्रेवल हिस्ट्री भी नहीं पाई गई है, अर्थात् शहर में ऐसे कोरोना कैरियर उपलब्ध हैं, जिनसे हम सभी को सावधान और सुरक्षित रहने की सख्त जरूरत है। इस परिस्थिति को देखते हुए उन्होंने सदस्यों से आगे की कार्यनीति बनाने के लिए सुझाव मांगे। चर्चा उपरांत सर्वसहमति से निर्णय लिया गया कि कोरोना वायरस की रोकथाम एवं लोक स्वास्थ्य के दृष्टिगत 13 एवं 14 जुलाई को भी छतरपुर शहर में टोटल लॉकडाउन जारी रहेगा।

●  8 से 12 बजे तक खुलेंगी सब्जी-फल की दुकानें।

बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि 13 एवं 14 जुलाई को दूध की दुकानें सुबह 7 से 11 बजे तक एवं दवाईयों की दुकानें, दूरसंचार सेवाएं, पेट्रोल पम्प 24 घंटे संचालित किए जा सकेंगे। इसी के साथ सब्जी एवं फल की दुकानें प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक नगर पालिका द्वारा चयनित खुले मैदानों में खोली जा सकेंगी। कोई भी सब्जी-फल विक्रेता सड़क किनारे विक्रय नहीं करेंगे अन्यथा संबंधित के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। बैठक में सर्वसहमति से निर्णय लिया गया कि छतरपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सभी दुकानें एवं प्रतिष्ठान प्रातः 10 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होंगे।
बैठक में कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने सभी सदस्यों से अनुरोध किया कि वे अधिकाधिक संख्या में जिलेवासियों को कोरोना के प्रति सावधानी बरतने के लिए जागरूक करें और जिला प्रशासन द्वारा कोरोना वायरस के ट्रांसमिशन चेन को तोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों में सहयोग करें।
पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने बताया कि वर्तमान में जिले में बन रही परिस्थिति पहले से काफी अलग है। इससे पहले पाए जाने वाले कोरोना संक्रमित मरीज ग्रामीण क्षेत्रों में प्राप्त हो रहे थे, पर पहली बार छतरपुर शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित मरीज पाए जा रहे हैं। इसलिए हम सभी को अधिक सावधानी एवं एहतियात बरतने की जरूरत है।
बैठक में पूर्व राज्य मंत्री श्रीमती ललिता यादव, विधायक श्री राजेश प्रजापति, एडीएम श्री प्रेम सिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी भंवर, सांसद प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी एवं समिति सदस्य मौजूद रहे।