Translate

मंगलवार, 13 अक्टूबर 2020

उपचुनाव बड़ामलहरा:- भाजपा नेताओं ने बड़ामलहरा में डाला डेरा...कई सांसद एवं दो जिले के विधायक कर रहे हैं गांव-गांव में दौरा।



//विन्द्रावन विश्वकर्मा//

घुवारा(छतरपुर)।  बड़ामलहरा उपचुनाव में भाजपा पूरी ताकत लगा रहा है। प्रदेश के दो कद्दावर सांसद के अलावा टीकमगढ़ जिले एवं छतरपुर जिले के भाजपा के सभी विधायकों ने बड़ामलहरा में डेरा डाल रखा है। ऐन केन प्रकारेण जनता को हर प्रकार का प्रलोभन देकर उपचुनाव जीतने की तैयारी में लगे हैं। हालांकि भाजपा का जो उम्मीदवार है उसके ऊपर कई गंभीर आरोप आज भी रामसिया भारती ने लगाए हैं। जिसके कारण पूरे क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी की हालत पतली नजर आ रही है। भाजपा कार्यालय का प्रभारी प्रदेश भाजपा महामंत्री जतारा विधायक हरिशंकर खटीक संभाले हुए हैं। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा लगातार दौरा करके कार्यकर्ताओं की मंडल बाई मंडल बैठक लेकर चुनाव में कसावट ला रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी में आए प्रद्युम्र लोधी को भाजपा का कार्यकर्ता दिल से नहीं चाह रहा है। अंदर ही अंदर उसकी भी इच्छा है कि इस प्रत्याशी को दल बदलू होने का सबक मिलना चाहिए। भाजपा पार्टी में ही कुछ नेता अंदर ही अंदर अपने पार्टी के प्रत्याशी की कैंची चला रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता ने बताया कि क्षेत्र में प्रद्युम्र लोधी की स्थिति बहुत खराब है। पार्टी को इससे अच्छा तो और कोई भी उम्मीदवार खड़ा कर देना चाहिए। दल बदलू का नारा होने के कारण कार्यकर्ताओं को भी आम जनता के पास जाने में वोट मांगने में शर्म आ रही है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की साध्वी रामसिया भारती खुलेआम प्रद्युम्र लोधी और उसके जीजा सुरेन्द्र सिंह पर रेत माफिया का आरोप लग रही है और उसने यहां तक कह दिया कि प्रद्युम्र सिंह लोधी ने 15 माह में रेत का कारोबार कर अपना घर भरा है। आज भी प्रद्युम्र लोधी लवकुशनगर में रेत का कारोबार धड़ल्ले से कर रहे हैं। बड़ामलहरा क्षेत्र में जनता के जनमत का अपमान करने वाले इस दल बदलू प्रत्याशी को इस बार जनता अवश्य सबक सिखाएगी। वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश स्तर के नेताओं का दौरा लगातार जारी है। चुनाव घोषणा होने के पूर्व ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सरकारी मशीनरी का उपयोग कर एक बड़ी आमसभा को संबोधित कर अपने पुराने अंदाज में सैकड़ों घोषणाएं कर बड़ामलहरा की जनता को सौगातें दे डाली। इसके बावजूद भी क्षेत्र की जनता ने प्रद्युम्र लोधी का अच्छा खासा विरोध हो रहा है। हालांकि अभी नामांकन फार्म की अंतिम तारीख 16 तक पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि सपा एवं बसपा अपने उम्मीदवार मैदान में उतारती है कि नहीं उसी के बाद इस क्षेत्र में किस पार्टी के साथ किसका मुकाबला होगा यह सामने आ जाएगा फिलहाल यादव जाति का इस क्षेत्र में काफी दबदबा है परंतु कांग्रेस पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों ने ही यादव जाति के किसी भी व्यक्ति को अपना उम्मीदवार नहीं बनाया। जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चरण सिंह यादव बहुजन समाज पार्टी से चुनाव लड़ सकते हैं वहीं समाजवादी पार्टी के बिजावर विधायक बबलू शुक्ला की पत्नी रजनी शुक्ला समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ सकती हैं तब मुकाबला रोमांचक होगा और स्थिति कुछ और हो सकती है फिलहाल बड़ामलहरा उपचुनाव में अब नेताओं का दौरा कार्यक्रम लगातार जारी है। दोनों ही पार्टियों के नेता पूरे क्षेत्र में घर घर जाकर प्रचार प्रसार कर रहे हैं।