ब्यूरो छतरपुर । उच्च शिक्षा विभाग भोपाल मध्य प्रदेश के स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना के द्वारा स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव पर 'हिंदी पखवाड़े' के अंतर्गत राज्य स्तर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन 14 सितंबर से 30 सितंबर तक विभिन्न स्तरों पर किया जाएगा। यह निबंध प्रतियोगिताएं स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना के निदेशक डॉ उमेश कुमार सिंह के निर्देशन में संभागीय समन्वयक डॉ नीरज दुबे के मार्गदर्शन में छतरपुर जिले के जिला नोडल अधिकारी डॉ जे पी शाक्य की देख-रेख में आयोजित होगी। जिला नोडल अधिकारी डॉ जे पी शाक्य ने बताया कि सर्वप्रथम छतरपुर जिले के सभी महाविद्यालयों में महाविद्यालय स्तर पर 14 सितंबर को 1:00 बजे से 1:45 बजे तक 'आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश में हिंदी की भूमिका' विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस निबंध प्रतियोगिता में महाविद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेता प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा तथा चयनित 3 विजेता प्रतिभागियों को जिला स्तर पर आयोजित 22 सितंबर को 1:00 बजे से 1:45 बजे तक 'आत्मनिर्भर भारत और हिंदी' विषय पर निबंध प्रतियोगिता में सहभागिता करनी होगी। इस प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को संभाग स्तर पर 25 सितंबर को 1:00 बजे से 1:45 बजे तक 'स्वाधीनता आंदोलन और हिंदी' विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में सहभागिता करनी होगी। संभाग स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी राज्य स्तर पर 30 सितंबर को 1:00 बजे से 1:45 बजे तक 'हिंदी में रोजगार की संभावनाएं' विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे। निबंध प्रतियोगिता के प्रत्येक स्तर पर स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना के जिला एवं संभागीय नोडल अधिकारी प्रतियोगिता के आयोजन में समन्वय करेंगे। यह भी सुनिश्चित किया गया है कि प्रत्येक स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को संबंधित आयोजक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जाएगा और प्रमाण- पत्र प्रदान किए जाएंगे। कोरोना काल को देखते हुए प्रतियोगिता का आयोजन कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए ही किया जाएगा।
Translate
रविवार, 12 सितंबर 2021