//रूपेश जैन//
बक्सवाहा(छतरपुर)। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा करवाये गये निकाय चुनाव के अंतर्गत शुक्रवार को हुए नगर परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन संपन्न हुआ।
जिसमें भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार किरन बृजगोपाल सोनी ने अध्यक्ष पद के रूप में तथा उपाध्यक्ष पद पर नीमा देवी सिंह राजपूत ने जीत दर्ज कर ली है।
गौरतलब है कि निकाय चुनाव के अध्यक्ष पद का निर्वाचन अप्रत्यक्ष रूप से संपन्न हुआ है जिसमें किरन बृजगोपाल सोनी ने जीत दर्ज की है वहीं उपाध्यक्ष पद पर नीमा देवीसिंह राजपूत ने जीत दर्ज की है।
• पार्षद से अध्यक्ष पद तक एक वोट का खेल।
उल्लेखनीय हैं कि श्रीमती सोनी बक्सवाहा के वार्ड क्रमांक 12 से पार्षद पद पर निर्वाचित हुई थीं. जिसमें किरण बृजगोपाल सोनी को कुल 198 मत तथा निकटतम प्रतिद्वंद्वी शारदा तिवारी को कुल 197 मत प्राप्त हुये थे इस प्रकार पार्षद पद के चुनावी मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी शारदा तिवारी से सिर्फ 01 वोट से जीत दर्ज की थी।
वहीं शुक्रवार को हुए अध्यक्ष पद के निर्वाचन में किरण बृजगोपाल सोनी भाजपा से उम्मीदवार थीं वहीं कांग्रेस से आशा वीरेंद्र सिंघई उम्मीदवार थे. जिस बीच कुल 15 वार्डों के पार्षद वोटों में से कुल 07 वोट किरण बृजगोपाल सोनी को तथा कुल 07 वोट आशा वीरेंद्र सिंघई को प्राप्त हुये थे तथा 01 वोट निरस्त हुआ था. जिसके पश्चात लॉटरी सिस्टम में किरण बृजगोपाल सोनी ने जीत दर्ज की है।
• जन सेवा पहली प्राथमिकता :- किरण
जीत के बाद नगर परिषद अध्यक्ष किरण बृजगोपाल सोनी ने पार्टी पदाधिकारियों सहित जनता एवं पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेरी प्रथम प्राथमिकता यही है कि योजनाओं का हितग्राहियों को उचित लाभ मिले तथा नगर का सुदृढ़ विकास हो, इसके लिए मेरा समर्पण रहेगा।
• नगर के विकास पर होगा प्रमुख ध्यान:- नीमा सिंह
उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद नीमा सिंह ने कहा कि सर्वप्रथम मेरा सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को धन्यवाद एवं मेरे कार्यकाल के दौरान नगर की तामाम समस्याओं पर ध्यान केंद्रित कर उन्हें अतिशीघ्र निपटाने का कार्य किया जाएगा।
• विधायक बोले तेजी से होगा विकास।
स्पष्ट कर दें कि बड़ामलहरा विधानसभा के तीनों निकाय क्षेत्रों बड़ामलहरा, बक्सवाहा, घुवारा में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सरकार बनाई है जिसमें बक्सवाहा के अलावा बड़ामलहरा से निशा आनंद सिंह बुंदेला निर्विरोध अध्यक्ष, घुवारा से गुड्डी जाहर सिंह भी निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई है।
तो इस पर क्षेत्रीय विधायक कुं प्रद्युम्न सिंह लोधी ने कहा मेरी सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि यह सभी प्रत्याशी आने वाले समय में अपने- अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को करेंगे और निश्चित ही आने वाले समय में भाजपा पुनः विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में विजयश्री हासिल करेगी।


