//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
घुवारा(छतरपुर)। टीकमगढ़ जिले से बुड़ेरा मार्ग पर स्थित सुंदरपुर की ग्राम पंचायत बगपुरा में बने बगाज माता मंदिर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। यहां भजन-कीर्तन किया गया। इसके साथ ही राई नृत्य कराकर लोगों ने माता को प्रसन्न किया। जिले के चमत्कारिक और सिद्घ मंदिर में लोगों ने माता से कामना पूरी करने के लिए प्रार्थना की। बताया गया है कि बगात माता मंदिर पर बड़ी संख्या में दूर-दूर से लोग आते हैं। यहां जिन लोगों की मनोकामना पूरी हो जाती है, वह जबारें लेकर आते हैं और माता के मंदिर में अर्पित करते हैं। यहां ट्रेक्टरों से लोग पहुंचे और पूजा-अर्चना की। मेले में महिलाओं ने खरीददारी की। यहां आकर्षक दुकाने सजाई गई और खाने-पीने का सामान मेले में बेंचा गया। मेले की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन द्वारा यहां पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
• भजन-कीर्तन के साथ नगर में निकले जबारे।
घुवारा दुर्गा नोवी को नगर के विभिन्न मुहल्लों से भजन-कीर्तन करते हुए लोगों ने जबारे निकाले। यह जबारे किरत सागर तालाब पर पहुंचे, जहां लोगों ने पूजा-अर्चना के साथ जबारे विसर्जित किए। इस दौरान जबारे लेकर महिलाएं भजन-कीर्तन करते हुए निकली। इनके साथ साज-आबाज से साथ भजन मंडलियां भी निकली। रास्ते में जगह-जगह पूजा-अर्चना की गई। सांगों को छेद कर कई भक्तों ने जबारे के साथ निकलकर माता को प्रसन्न करने के लिए साधना की। कहा जाता है कि सांग छिदवाने वाले भी जबारों के साथ माता मंदिर तक जाते हैं। नवरात्रि महापर्व के दौरान माता के पंडालों में भी जबारे रखे जाते हैं, जिनका विसर्जन नवमीं को किया जाता है। यहां पंडालों में रखे जबारों का विसर्जन माता की प्रतिमाओं के साथ किया जाएगा।