Translate

सोमवार, 16 जनवरी 2023

जबलपुर। दूध लेने जा रहे युवक को चाकू से लहूलुहान कर की हत्या..!



नेटवर्क जबलपुर। मोहल्ले की डेयरी में दूध लेने गए युवक ने रास्ते में चल रहे विवाद को सुलझाने का प्रयास किया तो, आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।पुलिस ने हत्याकांड में शामिल आरोपियों के विरूद्ध 302 का अपराध पंजीबद्ध करते हुए सभी फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इधर पंचनामा कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के  लिए मेडिकल भेजा गया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में 2 आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।मदनमहल पुलिस ने बताया कि आमनपुर गौरैया प्लाट पटेल किराना के पास रहने वाला मंगेश पटैल 38 साल लोडिंग ऑटो चलाता है। रविवार शाम करीब 6:30 बजे मंगेश घर से जैन मंदिर के पास राज डेयरी से दूध लेने अपने दोस्त मोंटू यादव के साथ गया था। जैन मंदिर के समीप सागर ईरानी, डोला उर्फ रोहित सहित 4-5 अन्य लड़के आपस में विवाद कर रहे थे।मंगेश और मोंटू विवाद करने वाले लड़कों से परिचित थे, इसलिए वह भी उनके बीच पहुंचे और विवाद सुलझाने का प्रयास करने लगे। झगड़े के बीच आरोपियों ने मंगेश पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।

बीचबचाव कर रहे मोंटू के हाथ में भी आंशिक रूप से चोट आई है।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी सहित मृतक और घायल आपस में दोस्त हैं, संभवत: किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ है।सीसीटीवी कैमरे के खंगाले फुटेज-मामले की जांच कर रही पुलिस ने वारदात स्थल सहित आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटवी कैमरों के फुटेज निकाले हैं। पुलिस की एक टीम ने फरार आरोपी सागर ईरानी व डोला उर्फ रोहित के घर में दबिश दी,लेकिन दोनों आरोपी घर में नहीं मिले।