नेटवर्क झाबुआ। मध्य प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य झाबुआ जिले में एक नाबालिग बालिका से सामूहिक दुष्कर्म किये जाने का सनसनी खेज मामला सामने आया है। जहां कल्याणपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में गरबा पांडाल में गरबा देखने पैदल जा रही आदिवासी नाबालिग बच्ची को उसी के गांव के तीन युवकों ने अगवा किया फिर सुनसान जगह ले जाकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह घटना सोमवार 23 अक्टूबर को झाबुआ के कल्याणपुर के ढेबर गांव की है। जहां रहने वाली एक नाबालिग बच्ची अपने गांव के ही गरबा पंडाल में गरबा देखने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में तीनों आरोपी युवक उसे उठाकर ले गए और सुनसान जगह गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया।आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से पीड़िता को धमकी भी दी कि अगर उसने किसी को इसकी जानकारी दी तो उसे जान से मार देंगे।
पुलिस ने आरोपियों को हथियार के साथ किया गिरफ्तार
गौरतलब है कि आरोपियों की धमकी के बावजूद पीड़िता ने हार नही मानी और पास ही के कल्याणपुरा थाने पहुंचकर तीनो आरोपियों के विरुद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आगम जैन ने पुलिस टीम को आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी सौरभ तोमर के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है, साथ ही सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।