//रूपेश जैन// (7247230761)
नेटवर्क भोपाल। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने आखिरकार हिमालय जाने का प्रोग्राम कैंसल कर मध्यप्रदेश के चुनावी माहौल में प्रचार के लिए तैयार हो गई हैं. वे गुरुवार 09 नवंबर से चुनाव प्रचार की शुरुआत भी करने वाली हैं।
मीडिया रपटों के मुताबिक उमा भारती का चुनाव प्रचार अभियान सांची से शुरू होगा।
इसके साथ ही बताया गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती सिलवानी के बम्होरी और सागर के सुरखी में भी चुनावी रैली करेंगी। इसके साथ ही बुंदेलखंड क्षेत्र की कुछ अन्य विधानसभा सीटों पर भी उमा भारती के द्वारा प्रचार किया जा सकता है। हालांकि, इससे पहले उमा भारती ने प्रचार से मना करके हिमालय जाने की घोषणा की हुई थीं।
गौरतलब है कि बीजेपी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट में उनका नाम नहीं था. इसे लेकर उमा भारती ने नाराजगी भी जाहिर की थी. इसके बावजूद उमा भारती ने कहा था कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उन्हें जहां भी प्रचार के लिए बुलाएंगे, वे वहां प्रचार के लिए जाएंगी।
ठीक होने में लंबा समय लगेगा:- उमा भारती
कुछ दिन पहले उमा भारती ने ट्वीट करके बताया था कि ललितपुर रेलवे स्टेशन पर बायें पैर में लगी चोट बड़ा नुकसान कर गई है. 28 तारीख से फिजियोथेरोपी झांसी में चली. सुधार न होते देख झांसी में ही एमआरआई हुई. डॉक्टरों के निर्देश से भोपाल वापस लौट रही हूं. लगभग 03 महीने तक चिकित्सा, फिजियोथेरोपी, दवाई, बेड रेस्ट को मिलाकर के अब ठीक होने में लंबा समय लगेगा।
लोकसभा चुनाव लड़ने की जताई इच्छा
मालूम हो कि उमा भारती आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर कर चुकी हैं. उन्होंने 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा था, लेकिन वो साफ कर चुकी हैं कि वो आगामी 2024 का लोकसभा चुनाव जरूर लड़ना चाहती हैं. उनका कहना है कि उन्हें इस बारे में जो कहना था वो कह चुकी हैं और अब आगे बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा के कहने की बारी है।