नेटवर्क इंदौर। इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता पांच वर्षीय मासूम को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीड़िता अब खतरे के बाहर है।
बता दें कि मासूम को खून से लथपथ हालत में भर्ती कराया गया था। मासूम की हालत देख कर्मचारियों का दिल पसीज गया। डॉक्टरों की टीम ने लापरवाही ना बरतते हुए तुरंत इलाज शुरू कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि मासूम का काफी खून बह चुका था, उसकी हालत काफी गंभीर थी। इसके बाद तुरंत ब्लड बुलवाया गया। पीडियाट्रिक, एनेस्थिसिया और स्त्री रोग विभाग की टीम ने दो घंटे में मासूम का ऑपरेशन किया। अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। घटना के बाद एमवाय अधीक्षक डॉ. पीएस ठाकुर, उप अधीक्षक डॉ. जेके वर्मा की निगरानी में पीडियाट्रिक डॉ. अशोक लड्डा, डॉ. मनीष, एनेस्थिसिया विभाग से डॉ. केके अरोरा, डॉ. रितु पुराणिक और स्त्री रोग विभाग से डॉ. सुरभि पोरवाल, डॉ. इंद्रलता सोलंकी ने मासूम का ऑपरेशन किया।
गौरतलब है कि हीरानगर थाना क्षेत्र 16 वर्षीय किशोर ने पांच वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म किया था। घटना स्कीम नं. 136 की है। बच्ची के माता-पिता चौकीदारी करते हैं। उनकी खाली प्लॉट पर झोपड़ी बनी हुई है। दोपहर को बच्ची की मां बर्तन धो रही थी, तभी आरोपी आया और बच्ची को खेलते देखकर सुनसान जगह ले गया और यह कृत्य किया।