Translate

बुधवार, 21 अगस्त 2024

गंदे पानी से बेहाल भुजपुरा!!....ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन....जल्द कार्यवाही न होने पर दी अनशन की चेतावनी।


//नवनीत जैन//

बक्सवाहा(छतरपुर)। बक्सवाहा विकासखंड की ग्राम पंचायत चाचीसेमरा के अंतर्गत भुजपुरा गांव के दलित और छोटे मोहल्ले में नाली निर्माण न होने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को एकजुट होकर बक्सवाहा मुख्यालय पहुंचकर तहसीलदार भरत पांडे को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने शिकायत की कि कई वर्षों पहले पंचायत द्वारा कराए गए घटिया सीसी रोड निर्माण के कारण सड़क की हालत खराब हो गई है। सीसी रोड के दोनों किनारों पर नाली न होने से गंदा पानी घरों के सामने जमा हो जाता है, जिससे गंदगी फैलती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निराकरण नहीं हुआ, तो वे अनशन पर बैठेंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण दलित मोहल्ले से छोटे मोहल्ले के बीच की सड़क पर पानी और कीचड़ भर जाता है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि रोड के किनारे नालियों के अभाव में बारिश का पानी बह नहीं पाता, जिससे उन्हें कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।

ग्राम पंचायत चाचीसेमरा में स्वच्छता के लिए भारी भरकम बजट आता है, लेकिन गांव की स्थिति देखकर नहीं लगता कि जिम्मेदार सफाई को लेकर गंभीर हैं। मुख्य सड़क किनारे नाली का निर्माण न होने से गंदा पानी सीधे सड़क पर आता है, जिससे कीचड़ और बीमारियां फैल रही हैं। सड़क पर स्थित सार्वजनिक हैंडपंप से पानी लेने के लिए लोगों को इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है। 

स्थानीय निवासी संतोष अहिरवार ने बताया कि सड़क की हालत बेहद खराब है और नाली निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। 

आशिक मंसूरी ने कहा कि भुजपुरा गांव में पिछले पांच वर्षों से यह समस्या बनी हुई है और ज्ञापन के माध्यम से तहसीलदार और जनपद सीईओ को अवगत कराया गया है। यदि सात दिन के भीतर न्यायसंगत कार्रवाई नहीं होती है, तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

तहसीलदार भरत पांडे का कहना है कि भुजपुरा गांव के लोगों द्वारा सड़क और नाली की समस्याओं को लेकर आवेदन दिया गया है और इस पर कार्यवाही की जाएगी।