//नवनीत जैन, रूपेश जैन//
बक्सवाहा(छतरपुर)। छतरपुर जिले के बक्सवाहा विकासखंड से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शराब ठेकेदार सुनीता राय द्वारा शासन के नियमों की अनदेखी कर शराब की बिक्री मनमाने दामों पर की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बक्सवाहा की शराब दुकानों पर शासन द्वारा निर्धारित दरों से 50 से 100 रुपये अधिक पर देशी और विदेशी शराब बेची जा रही है। आबकारी विभाग की नजरों के सामने होने के बावजूद इस लूट पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बक्सवाहा में प्लेन शराब का क्वार्टर 90 रुपये और मसाला शराब का क्वार्टर 110 रुपये में बेचा जा रहा है। वहीं, दुकानों पर न तो बिल दिए जा रहे हैं और न ही कोई रेट सूची उपलब्ध है, जिससे ग्राहकों को सही दामों की जानकारी नहीं मिल पा रही है। ठेकेदार द्वारा विकासखंड के विभिन्न गांवों में अवैध रूप से दुकानें संचालित कर शराब बेची जा रही है, जिससे गांवों में अशांति का माहौल बना हुआ है और कई घटनाएं घटित हो रही हैं।
शिकायतों के बाद नवागत जिला कलेक्टर ने बक्सवाहा और मडदेवरा में जांच कराई, जिसमें ठेकेदार द्वारा निर्धारित दरों से अधिक दाम पर शराब बेचने की पुष्टि हुई। कलेक्टर ने दोनों दुकानों के लाइसेंस एक दिन के लिए निरस्त कर दुकानें बंद करने के आदेश दिए। हालांकि, ठेकेदार ने कलेक्टर के आदेश की अवहेलना करते हुए शराब की बिक्री जारी रखी।
ग्रामीणों ने मडदेवरा में शराब बिक्री की जानकारी तहसीलदार भरत पांडे और थाना प्रभारी कृपाल मार्को को दी, जिन्होंने मौके पर जाकर दुकानें बंद कराईं। तहसीलदार पांडे ने कहा कि यदि फिर से ऐसी शिकायतें मिलती हैं, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।