//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
नेटवर्क छतरपुर। कलेक्टर ने टीएल के प्रकरणों को पोर्टल में अपलोड न करने पर प्रभारी अधिकारी टीएल को कारण बताओ नोटिस एवं टीएल लिपिक का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण अनिवार्य रूप से करें। कलेक्टर ने टीएल पत्रों पर जानकारी अपडेट नहीं करने एवं फायर सेफ्टी के संबंध में प्रमाण पत्र नहीं प्रस्तुत करने पर सीएमओ महाराजपुर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने टी.एल. प्रकरण के संबंध में जानकारी अपडेट नहीं करने पर सीएमओ लवकुशनगर, चंदला, गौरिहार, सटई का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही सीएमओ हरपालपुर को बिना अनुमति के अवकाश पर चले जाने पर उक्त अवधि का वेतन काटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अतिथि शिक्षक वर्ग 2 के संबंध में जांच प्रतिवेदन संबंधित को तत्काल भेजने के निर्देश दिए। साथ ही अभी तक जांच लंबित रखने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आदिम जाति कल्याण विभाग को कलेक्टर ने प्री मैट्रिक स्कूल छात्रवृत्ति के शत प्रतिशत भुगतान के संबंध में प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवनों को लक्ष्यानुसार एक सप्ताह में महिला बाल विकास विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए और समस्त जनपद सीईओ को निजी एवं शासकीय कूपों का सर्वे कराते हुए जाली लगे एवं मुंडेर वाले कूपों की जानकारी भेजने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान के रूप में मुंडेर बनवाने या जाली लगवाने का कार्य सम्पन्न कराने के निर्देश देते हुए कहा कि हर हफ्ते शासकीय एवं निजी कूपों में मुंडेर बनाने की समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर ने शासकीय भवन में सोलर प्लांट लगाए जाने के निर्देश दिए।