//रूपेश जैन, सत्यम खरे//
बक्सवाहा(छतरपुर)। जनपद क्षेत्र अंतर्गत थाना बाजना पुलिस ने एक बार फिर उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाजना थाना प्रभारी राजेश सिंह सिकवार ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर अपनी टीम के साथ घेराबंदी कर ग्राम दरगुवा से आरोपी को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी का नाम गोरेलाल यादव (पिता चिंटुआ यादव) है, जिसकी उम्र 35 वर्ष है। वह कोयला गांव, थाना बाजना का निवासी है। आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या के प्रयास), 323 (साधारण चोट पहुंचाना), 294 (अश्लील भाषा का उपयोग), और 506 (आपराधिक धमकी) के गंभीर अपराध दर्ज हैं।
थाना प्रभारी राजेश सिंह सिकवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई सफलतापूर्वक अंजाम दी। इस टीम में प्रधान आरक्षक राम जी, आरक्षक सुनील, रूप सिंह, भरत लाल और संजय लोधी शामिल थे, जिन्होंने अपनी सक्रियता और कुशलता का परिचय दिया।
उल्लेखनीय है कि पुलिस की यह कार्रवाई न केवल आपराधिक तत्वों के खिलाफ कड़ी चेतावनी है, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।