//रूपेश जैन, सत्यम खरे//
बक्सवाहा(छतरपुर)। जनपद पंचायत क्षेत्र बक्सवाहा अंतर्गत आने वाले ग्राम बाजना रेंज के वन परिक्षेत्र अधिकारी रजत तोमर के नेतृत्व में वन अमला लगातार अवैध कटाई और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी कड़ी में बीते रोज ग्राम शाहगढ़ बीट में गश्ती के दौरान वन विभाग ने एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी तुलाराम अहिरवार, निवासी बड़ागांव, को एक मोटरसाइकिल सहित 02 नग सागौन की लकड़ी और एक कुल्हाड़ी के साथ अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वन अपराध दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में रेंजर रजत तोमर के नेतृत्व के अलावा डिप्टी रेंजर धर्मेंद्र तिवारी, बीटगार्ड मनीष पटेल तथा वन सुरक्षा श्रमिकों की अहम भूमिका रही। वहीं वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री तोमर ने कहा कि अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी।